Rajasthan: सावधान! अब बिना जानकारी दिए खाते से रुपए होंगे पार, ठगी का नया तरीका इजाद, बुजुर्ग के 12 लाख पार

Rajasthan: जोधपुर शहर की सामने आई हैरान करने वाली घटना, जहां बिना किसी जानकारी के जालसाजों ने एक बुजुर्ग के बैंक खाते से महज डेढ़ घंटे में 12 लाख रुपए उड़ा लिए। इस तरह की अजीब घटना सामने आने के बाद शहर की पुलिस खुद हैरान है।

Rajasthan News
बिना किसी जानकारी के जालसाजों ने एक बुजुर्ग के खाते से निकाले 12 लाख रुपए (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Facebook
मुख्य बातें
  • जालसाजों ने एक बुजुर्ग के बैंक खाते से महज डेढ़ घंटे में 12 लाख रुपए उड़ा लिए
  • बुजुर्ग ने ना किसी को ओटीपी बताया, ना ही बैंक अकाउंट के बारे में दी जानकारी
  • घटना सामने आने के बाद शहर की पुलिस खुद हैरान है

Rajasthan: साइबर ठग अब पुलिस के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। फ्रॉड करने के नित नए तरीके इजाद होने के चलते साइबर पुलिस भी सकते में है। इसकी एक ताजा घटना राजस्थान के जोधपुर शहर की सामने आई है, जहां बिना किसी जानकारी के जालसाजों ने एक बुजुर्ग के बैंक खाते से महज डेढ़ घंटे में 12 लाख रुपए उड़ा लिए। बुजुर्ग अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज करवाने थाने पहुंचा। इस तरह की अजीब घटना सामने आने के बाद शहर की पुलिस खुद हैरान है।

हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मगर अभी भी साइबर ठगी की ये घटना पुलिस ने लिए पहेली बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग ने शिकायत में जानकारी दी है कि, उसने ना तो किसी को ओटीपी बताया और ना ही बैंक अकाउंट के बारे में जानकारी दी। इसके बावजूद अकाउंट से 3 बार में 12 लाख रुपए निकाल लिए गए। 

महज डेढ़ घंटे में 3 बार में निकले 12 लाख

जोधपुर की राजीव गांधी थाना पुलिस के मुताबिक शहर के डालीबाई मंदिर इलाके में स्थित विनायक विहार के रहने वाले रमेश चंद माथुर (72) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित बुजुर्ग ने आरोप लगाया है कि, गत 15 सितंबर की शाम को 4 बजे से लेकर साढ़े 5 बजे के बीच उनके बैंक अकाउंट से किसी अज्ञात जालसाजों ने 3 बार में कुल 12 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक खाते से रुपए की निकासी का उनके फोन पर आया मैसेज उन्होंने 16 सितंबर को देखा। इतने सारे रुपए एक साथ अकाउंट से निकाले जाने पर एक बारगी तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद बैंक गए व अकाउंट की डिटेल पता की तो जानकारी मिली कि उनके अकाउंट से 12 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बुजुर्ग ने इस बात का पुख्ता दावा किया है कि, उन्होंने किसी से भी अपने बैंक अकाउंट की डिटेल शेयर नहीं की, ना ही उन्होंने किसी को ओटीपी बताया। इसके बाद भी उनके खाते से 12 लाख उड़ा लिए गए। अब साइबर पुलिस का दिमाग खराब हो रहा है कि, आखिर बिना ओटीपी या बैंक अकाउंट डिटेल के इतना सारा पैसा कैसे निकल गया। साइबर पुलिस के मुताबिक अब बैंक से जानकारी जुटा कर पता लगाया जा रहा है कि, आखिर किसके अकाउंट में पैसा ट्रांसफर हुआ है। पुलिस के मुताबिक जांच के बाद ही आगे की कहानी पता चलेगी। बहरहाल पुलिस इस पहेली को सुलझाने का प्रयास कर रही है। 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर