Jaipur Crime News: जयपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या की कोशिश, हमलावर ने खुद कॉल करके बुलाया था

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 19, 2022, 01:22 PM IST

Jaipur Police: जयपुर में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने पास के एक मॉल में भागकर किसी तरह जान बचाई। युवक की हालत नाजुक है। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है।

Jaipur Crime News: जयपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या की कोशिश, हमलावर ने खुद कॉल करके बुलाया था
Photo Credit: Representative Image

Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर में एक युवक को चाकू से गोद दिया गया। युवक के लहूलुहान हालत में रोड पर गिरने पर स्कूटी सवार हमलावर मौके से तुरन्त फरार हो गया। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने गंभीर हालत में घायल युवक को एक हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस जांच में जुट गई है।

बता दें कि पुलिस वारदातस्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेजों को खंगाल कर  हमलावर की तलाश कर रही है। डॉक्टर्स का कहना है कि घायल युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा कि युवक के शरीर से काफी खून बह चुका है। घाव बड़े गहरे होने की वजह से हालत गंभीर है।

ऑफिस से बाहर बुलाकर युवक पर हमला

मिली जानकारी के अनुसार एसएचओ वीरेन्द्र कुरील ने बताया है कि कालवाड़ रोड निवासी विजय सिंह पर जानलेवा हमला हुआ है। वह विद्याधर नगर के क्रॉस मॉल में स्थित ट्रेवल्स कंपनी के कार्यालय में काम करता है। काम करते समय विजय के  मोबाइल पर एक शख्स का कॉल आया। कॉल करने वाले युवक ने विजय को ऑफिस के बाहर मिलने बुलाया। ऑफिस के नीचे रोड पर आने पर स्कूटी पर सवार एक शख्स आया। महज कुछ मिनट इधर-उधर देखने के बाद जेब से चाकू निकाल लिया। विजय सिंह कुछ समझ पाते की हमलावर शख्स ने विजय के पेट में ताबड़तोड़ वार कर बुरी तरह घायल कर दिया।

हमला करने के बाद भी बदमाश ने किया पीछा

बता दें कि हमले के बाद लहूलुहान हालत में हमलावर से बचने के लिए विजय सिंह भागने लगा। विजय सिंह खून से लथपथ हालत में भागते हुए पास के मॉल में जा घुसा। उसके पीछे-पीछे हमलावर भी आया, लेकिन लोगों की भीड़ इकट्‌ठा होते देखकर स्कूटी लेकर फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में विजय को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया है कि चाकू से गोदने वाला हमलावर घायल युवक का जानने वाला है। घायल विजय की हालत नाजुक है। पुलिस का कहना है कि हमलावर की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेजों को भी खंगाला जा रहा है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!