देश

अशांत मणिपुर में लौटेगी शांति? खेमचंद सिंह बने मुख्यमंत्री; नेमचा किपगेन और एल डिखो ने डिप्टी CM पद की शपथ

Manipur Violence: मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने राजग विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह को मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। इस अवसर पर भाजपा पर्यवेक्षक तरुण चुघ मौजूद रहे।

Khemchand Singh

खेमचंद सिंह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

Photo : PTI

Manipur Violence: राजग विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर भाजपा पर्यवेक्षक तरुण चुघ और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी मौजूद रहे।

मणिपुर में होंगे दो डिप्टी सीएम

वाई खेमचंद सिंह, जो एक अनुभवी नेता, प्रशासक और ताइक्वांडो ब्लैक बेल्ट हैं, के बाद राज्यपाल ने भाजपा विधायक नेमचा किपगेन और नगा पीपुल्स फ्रंट विधायक एल डिखो को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। बता दें कि कुकी भाजपा विधायक नेमचा किपगेन ने ऑनलाइन माध्यम से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि भाजपा के गोविंदास कोंथौजम और एनपीपी नेता के. लोकेन सिंह ने मणिपुर में मंत्री पद की शपथ ली।

राष्ट्रपति शासन हटाया गया

इससे पहले, बुधवार को मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया। मणिपुर में 13 फरवरी, 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू था। 60 सदस्यों वाली विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है, लेकिन राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद यह निलंबित कर दी गई थी।

राष्ट्रपति की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया, ''संविधान के अनुच्छेद 356 के उपखंड (2) द्वारा दी गई शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, मैं, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मणिपुर राज्य के संबंध में 13 फरवरी, 2025 को उक्त अनुच्छेद के तहत मेरे द्वारा जारी की गई उद्घोषणा को चार फरवरी, 2026 से रद्द करती हूं।''

क्यों लगाया गया था राष्ट्रपति शासन

पिछले साल 9 फरवरी को मेइती और कुकी समुदायों के बीच महीनों तक जारी रही जातीय हिंसा के बाद मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया था और विपक्ष भी स्थिति को नियंत्रित करने में कथित रूप से विफल रहने के लिए उनके इस्तीफे की मांग कर रहा था। जिसके बाद मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अनुराग गुप्ता
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article