'सी ग्रेड सिनेमा से भी बदतर...', गौरव गोगोई ने हिमंत बिस्वा सरमा के PAK संबंधी आरोपों को किया खारिज
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Feb 8, 2026, 04:08 PM IST
Assam Politics: असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के उनके पाकिस्तानी कनेक्शन संबंधी आरोपों को 'बेहद बेतुका और झूठा' बता कर खारिज कर दिया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (बाएं) और लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई (दाएं) (फाइल फोटो)
Assam Politics: असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के उनके पाकिस्तानी कनेक्शन संबंधी आरोपों को 'बेहद बेतुका और झूठा' बता कर खारिज कर दिया। इसके साथ ही गोगोई ने हिमंत बिस्वा सरमा की प्रेस कांफ्रेंस को 'सी-ग्रेड सिनेमा से भी बदतर' और 'सुपर फ्लॉप' करार दिया। सरमा ने इसी प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता के खिलाफ यह आरोप लगाए थे ।
गोगोई ने आरोपों को बताया बेतुका
गोगोई ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "मुझे दिल्ली और असम के उन पत्रकारों पर तरस आता है जिन्हें सदी की सबसे फ्लॉप प्रेस कॉन्फ्रेंस झेलनी पड़ी। यह 'सी-ग्रेड सिनेमा' से भी बदतर थी। तथाकथित चतुर मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए ये आरोप पूरी तरह से बेतुके और झूठे हैं।" उन्होंने दावा किया, "यह सुपर फ्लॉप हमारी परिवर्तन यात्रा के बिल्कुल विपरीत है, जो मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कब्जा की गई 12,000 बीघा जमीन का पर्दाफाश करने में सफल रही है।"
गोगोई ने एक अन्य पोस्ट में कहा, ''सरमा ने मीडिया के सामने खुद को 'शर्मिंदा' किया। 2.5 घंटे की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भी कमरे में मौजूद पत्रकार संतुष्ट नहीं हुए।'' लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गोगोई ने कहा कि असम में कोई भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने आगे कहा, "उन्हें इसके बजाय यह बताना चाहिए कि उन्होंने और उनके परिवार ने पूरे असम में 12,000 बीघा या 4,000 एकड़ की कीमती ज़मीन कैसे हासिल की। जब हम सत्ता में आएंगे, तो हम उन जमीनों को लेकर गरीबों और भूमिहीनों में बांट देंगे।"
हिमंत ने गोगोई पर लगाए गंभीर आरोप
सरमा ने आरोप लगाया कि गोगोई, उनकी पत्नी एलिजाबेथ और एक पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के बीच 'गहरे संबंध' हैं तथा खुफिया एजेंसी से मिली जानकारी गुप्त रूप से पड़ोसी देश को दी गई थी। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि गोगोई ने 2013 में पाकिस्तान की 'अत्यंत गोपनीय' यात्रा की थी और माना जाता है कि उन्होंने वहां 'किसी प्रकार का प्रशिक्षण' प्राप्त किया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
