Akhilesh Yadav comment Bharat Jodo Nyay Yatra: : नीतीश कुमार के पाला बदल और बंगाल में ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद सभी की नजरें उत्तर प्रदेश पर हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भले ही लोकसभा चुनाव को लेकर राज्य में इंडिया गठबंधन के अंदर सबकुछ ठीक होने का दावा कर रहे हों, लेकिन उनके बयान कई सवाल खड़े कर रहे हैं। पहले तो उन्होंने उत्तर प्रदेश की 16 लोकसभा सीटों पर एकतरफा प्रत्याशियों की घोषणा कर दी और अब राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा(Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra)को लेकर बड़ा बयान दिया है।
उत्तर प्रदेश में जारी सियासी उठापटक के बीच जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या वह कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा(Bharat Jodo Nyay Yatra) का हिस्सा बनेंगे? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि कई बड़े-बड़े आयोजन होते रहते हैं, लेकिन हमें निमंत्रण नहीं मिलता है तो क्या हम लोग अपने आप निमंत्रण मांगे। बता दें, पहले अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन होने की बात कही थी। हालांकि, उनका हालिया बयान कई सवाल खड़े कर रहा है।
मांगने के बाद मिला राम मंदिर का निमंत्रण
अखिलेश यादव ने जब कहा गया कि उन्हें राम मंदिर का निमंत्रण तो मिला था, तो वहां क्यों नहीं गए। इस पर अखिलेश ने कहा कि राम मंदिर में मांगने के बाद निमंत्रण दिया गया था। जब हमने ये बात कही कि घर को खाली करने के बाद गंगाजल से उसे धोया गया तो इसके बाद ही उन लोगों को लगा कि इनको निमंत्रण दे दो। बता दें, सपा प्रमुख ने राम मंदिर निमंत्रण की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि वे प्राण प्रतिष्ठा के बाद सपरिवार रामलला के दर्शन करने जाएंगे।
सीट बंटवारे से कांग्रेस नाखुश
बता दें, अखिलेश यादव ने कहा बीते दिनों कहा था कि कांग्रेस के साथ 11 सीटों पर सहमति बन गई है। इसके बाद उन्होंने 16 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की भी घोषणा कर दी थी। हालांकि, कांग्रेस पार्टी इससे नाखुश दिखाई दे रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव ने ये सीटें एकतरफा घोषित की हैं और कांग्रेस के आलाकमान की ओर से भी इस पर कोई बयान नहीं आया है।
