प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मालदीव दौरा खत्म हो चुका है। पीएम मोदी मालदीव से भारत आने के लिए निकल गए हैं, लेकिन पीएम मोदी दिल्ली नहीं आएंगे, वो मालदीव से सीधे तमिलनाडु जाएंगे। पीएम मोदी का जहाज आज रात तमिलनाडु लैंड करेगा। पीएम मोदी ब्रिटेन का दौरा खत्म कर मालदीव पहुंचे थे, जहां वो शनिवार को मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मालदीव के बाद सीधे तमिलनाडु क्यों जा रहे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार रात तूतीकोरिन से त्रिची हवाई मार्ग से पहुंचेंगे। त्रिची एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री कलेक्टर ऑफिस रोड स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। अगली सुबह वे होटल से एयरपोर्ट तक रोड शो में हिस्सा लेंगे और फिर हेलीकॉप्टर के माध्यम से अरियालुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
तमिलनाडु के देंगे 4,800 करोड़ की सौगात
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तमिलनाडु के तूतीकोरिन में 4,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाएं शनिवार को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।
- आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और इसका दौरा भी करेंगे।
- वह देश को दो रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राजमार्ग परियोजनाएं समर्पित करेंगे, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-36 के सेथियाथोपे से चोलापुरम तक 50 किमी हिस्से को चार लेन में विकसित किया गया है। इसे विक्रवंडी-तंजावुर कॉरिडोर के तहत 2,350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है।
- दूसरी परियोजना एनएच-138 के 5.16 किमी तूतीकोरिन पोर्ट रोड को छह लेन में चौड़ा किया गया है, जिसकी लागत लगभग 200 करोड़ रुपये है।
- विज्ञप्ति में कहा गया कि मोदी वी. ओ. चिदंबरनार बंदरगाह पर 285 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए 6.96 एमएमटीपीए माल प्रबंधन क्षमता वाले नॉर्थ कार्गो बर्थ–3 का उद्घाटन करेंगे तथा दक्षिण तमिलनाडु में तीन प्रमुख रेलवे अवसंरचना परियोजनाएं देश को समर्पित करेंगे, जिससे सतत और प्रभावी कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
- इसके अलावा, मोदी कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र इकाई तीन और चार (2×1000 मेगावाट) से बिजली की निकासी के लिए अंतरराज्यीय ट्रांसमिशन प्रणाली (आईएसटीएस) की आधारशिला रखेंगे।
- यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति सुनिश्चित करने और तमिलनाडु सहित अन्य लाभार्थी राज्यों की बढ़ती बिजली मांगों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।
तमिलनाडु में तैयारियां जारी
पीएम मोदी के तमिलनाडु दौरे को लेकर भाजपा की राज्य इकाई ने भी बड़ी तैयारी की है। के अन्नामलाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "तमिलनाडु को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तूतीकोरिन और ऐतिहासिक गंगईकोंडा चोलपुरम में स्वागत करते हुए बहुत गर्व हो रहा है।" भाजपा नेता और तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा, 'हम बहुत खुश हैं कि हमारे प्रधानमंत्री तूतीकोरिन आ रहे हैं और वे कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं।"
