CM Kejriwal Slams BJP: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि उनकी गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब और दिल्ली में 'आप' की सरकार को गिराना चाहती थी, लेकिन उसका यह मकसद पूरा नहीं हो पाया। इसी बीच सीएम केजरीवाल ने अपने चुनावी वादों का ऐलान किया। उन्होंने ‘केजरीवाल की गारंटी’ के तहत 10 वादों की घोषणा की। आपको बताते हैं कि केजरीवाल ने भाजपा पर क्या-क्या आरोप लगाए।
'पंजाब और दिल्ली की सरकार गिराना चाहती है भाजपा'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी के विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, 'मेरी गिरफ्तारी के बाद 'आप' और अधिक एकजुट हो गई है।' केजरीवाल ने कहा, 'मेरी गिरफ्तारी से पहले भाजपा के लोग कहते थे कि वे पार्टी तोड़ देंगे और दिल्ली तथा पंजाब में हमारी सरकार गिरा देंगे।'
गिरफ्तारी के बाद BJP की रणनीति हुई विफल- केजरीवाल
उन्होंने कहा, 'उनकी यही रणनीति थी कि वे मुझे गिरफ्तार कराएंगे, पार्टी तोड़ देंगे, दिल्ली और फिर पंजाब में भी सरकार गिरा देंगे, लेकिन मेरी गिरफ्तारी के बाद उनकी यह रणनीति विफल हो गई। आप सब टूटे नहीं।' दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए गए केजरीवाल को शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय ने अंतरिम जमानत दे दी।
अरविंद केजरीवाल ने AAP की घोषणापत्र का किया ऐलान
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को आम आदमी पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव को लेकर वादों का ऐलान किया है। उन्होंने ‘केजरीवाल की गारंटी’ की घोषित की और कहा कि 10 कार्यों पर युद्ध स्तर पर काम किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए केजरीवाल का पहला रोड शो
इससे पहले केजरीवाल ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्र में चार जून को सरकार नहीं बना पाएगी। उन्होंने कहा कि यदि ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है, तो देश की दिशा और नियति दोनों बदल जाएगी। केजरीवाल ने तिहाड़ जेल से बाहर आने के एक दिन बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ दक्षिणी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में अपना पहला रोड शो किया। लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए केजरीवाल का यह पहला रोड शो था। रोड शो में आप के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान खुली छत वाले एक वाहन पर सवार केजरीवाल और मान ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
