देश

कौन कर रहा है खालिस्तानियों का सफाया? एक के बाद एक मारे जा चुके हैं 4 टॉप वांटेड आतंकवादी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 20, 2023, 04:54 PM IST

सोमवार (19 June 2023) को खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में एक गुरद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गयी। निज्जर भारत में मोस्ट वांडेट आतंकवादियों में शामिल था, जिस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

Image

पिछले कुछ महीनों में चार खालिस्तानी आतंकियों की मौत

विदेशों में मौजूद खालिस्तानी (Khalistani) आंदोलन के टॉप कमांडर इन दिनों किसी के निशाने पर हैं। एक के बाद एक तीन खालिस्तानी आतंकियों की हत्या हो चुकी है, एक की संदिग्ध मौत हो चुकी है। ये मौतें पाकिस्तान से लेकर कनाडा तक में हुई है। पाकिस्तान में दो और कनाडा में एक की हत्या हो चुकी है और ब्रिटेन में एक की संदिग्ध मौत हो चुकी है। ये चारों मौतों पिछले 6 महीने के अंदर हुई है।

कनाडा में मारा गया KTF का मुखिया

सोमवार (19 June 2023) को खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में एक गुरद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गयी। निज्जर भारत में मोस्ट वांडेट आतंकवादियों में शामिल था, जिस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। कनाडा में दो अज्ञात बंदूकधारियों ने निज्जर पर तब गोलियां चलाईं, जब वह सरे स्थित गुरु नानक सिख गुरुद्वारा की पार्किंग से अपने वाहन से निकलने की तैयारी कर रहा था। पिछले चार साल से वह इस गुरद्वारे का प्रमुख था। ऐसी अटकलें थीं कि पंजाब में आतंकी गतिविधियों की फंडिंग के लिए वो यहां से पैसों का इंतजाम करता था। निज्जर को जुलाई 2020 में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत भारत द्वारा आतंकवादी घोषित किया गया था। उसके खिलाफ 2016 में इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

पाकिस्तान में मारा गया खालिस्तानी कमांडर

इससे पहले मई में एक और वांडेट खालिस्तानी आतंकवादी परमजीत सिंह पंजवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी थी। यह हत्या पाकिस्तान में हुई थी, जहां उसे पनाह मिली हुई थी। इसकी हत्या तब हुई जब वह पाकिस्तान के लाहौर में अपने आवास के पास सुबह की सैर के लिए निकला था। परमजीत पंजवार खालिस्तान कमांडो फोर्स-पंजवार समूह का नेतृत्व कर रहा था और जुलाई 2020 में यूएपीए के तहत भारत ने इसे आतंकवादी घोषित किया था।

लाहौर में एक और हत्या

जनवरी में लाहौर के पास एक गुरुद्वारे के परिसर में हरमीत सिंह उर्फ हैप्पी पीएचडी की हत्या कर दी गई थी। हरमीत सिंह नार्को-टेरर और खालिस्तानी आतंकियों को ट्रेनिंग देने में शामिल था।

ब्रिटेन में मौत

हाल में लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले में शामिल एक प्रमुख खालिस्तानी समर्थक अवतार सिंह पुरबा उर्फ खांडा की लंबी बीमारी के बाद बर्मिंघम शहर के एक अस्पताल में मौत हो गई। सिख फेडरेशन ब्रिटेन ने कहा कि अवतार सिंह ब्लड कैंसर से गंभीर रूप से बीमार था। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि उसकी मौत का कारण भी जहर बताया गया था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article