देश

भारत में चार साल के बच्चे में मिला बर्ड फ्लू का केस, WHO ने की पुष्टि, 2019 के बाद दूसरा मामला

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि यह भारत में H9N2 बर्ड फ्लू का दूसरा मानव संक्रमण है, 2019 में पहला मामला सामने आया था।

Image

भारत में बर्ड फ्लू का मामला

Photo : PTI

Bird Flu in India: भारत में इंसान में बर्ड फ्लू का मामला सामने आया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में चार साल के एक बच्चे में H9N2 वायरस के कारण होने वाले बर्ड फ्लू से मानव संक्रमण का मामला पाया गया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि मरीज को लगातार गंभीर श्वसन समस्याओं, तेज बुखार और पेट में ऐंठन के कारण फरवरी में एक स्थानीय अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था और निदान और उपचार के बाद तीन महीने बाद छुट्टी दे दी गई थी।

भारत में H9N2 बर्ड फ्लू का दूसरा मामला

एजेंसी ने कहा कि मरीज के घर पर और आसपास मुर्गी पालन होता था और उसके परिवार और अन्य लोगों में श्वसन संबंधी बीमारी के लक्षण बताने वाला कोई भी व्यक्ति नहीं था। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि रिपोर्टिंग के समय टीकाकरण की स्थिति और एंटीवायरल उपचार का विवरण उपलब्ध नहीं था। एजेंसी ने कहा कि यह भारत में H9N2 बर्ड फ्लू का दूसरा मानव संक्रमण है, 2019 में पहला मामला सामने आया था।

H9N2 वायरस आम तौर पर हल्की बीमारी का कारण बनता है। संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने कहा कि आगे छिटपुट मानव संक्रमण मामले आ सकते हैं क्योंकि यह वायरस विभिन्न क्षेत्रों में पोल्ट्री में फैलने वाले सबसे प्रचलित एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस में से एक है। इस मामले में भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय से प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article