भारत ने रक्षा के क्षेत्र में एक और मील का पत्थर हासिल कर लिया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने अपने ‘टैक्टिकल एडवांस्ड रेंज ऑगमेंटेशन’ (TARA) वेपेन सिस्टम का आज पहला सफल परीक्षण कर लिया है। डीआरडीओ और वायुसेना ने ओडिशा के तट के पास TARA का टेस्ट किया। जो सभी मानकों पर खड़ा उतरा है।
क्या है TARA Weapon System?
TARA Weapon System भारत की पहली स्वदेशी ग्लाइड वेपन प्रणाली है, जो बिना गाइडेड वारहेड्स को अत्याधुनिक प्रिसिजन गाइडेड हथियारों में बदल सकती है। TARA को एक मॉड्यूलर रेंज एक्सटेंशन किट के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य कम लागत वाले पारंपरिक हथियारों की मारक क्षमता और सटीकता को बढ़ाना है। इस तकनीक की मदद से सामान्य बमों को भी लंबी दूरी तक ले जाकर बेहद सटीक तरीके से जमीन पर मौजूद लक्ष्यों पर हमला किया जा सकेगा।
कहां बना है TARA?
इस प्रणाली को हैदराबाद स्थित DRDO की प्रमुख प्रयोगशाला Defence Research and Development Organisation के रिसर्च सेंटर इमारत (RCI) ने अन्य DRDO लैब्स के सहयोग से विकसित किया है। TARA की खासियत यह है कि इसमें अत्याधुनिक लेकिन कम लागत वाली तकनीकों का उपयोग किया गया है, जिससे यह भारतीय सशस्त्र बलों के लिए एक किफायती और प्रभावी हथियार प्रणाली बन सकती है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना के विकास में ‘डेवलपमेंट कम प्रोडक्शन पार्टनर्स’ (DcPP) और कई भारतीय उद्योगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन कंपनियों ने इसके उत्पादन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे भविष्य में बड़े पैमाने पर इसकी तैनाती का रास्ता साफ हो गया है।
रक्षा मंत्री ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफल परीक्षण पर DRDO, भारतीय वायुसेना और रक्षा उद्योग से जुड़े सभी साझेदारों को बधाई दी। उन्होंने इसे भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। वहीं रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और DRDO प्रमुख Samir V Kamat ने भी इस परियोजना से जुड़े वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि TARA जैसी स्वदेशी प्रणालियां भविष्य के युद्धक्षेत्र में भारतीय सेना को तकनीकी बढ़त देने में अहम भूमिका निभाएंगी।
TARA से भारत को काफी उम्मीदें
TARA के सफल परीक्षण से भारत की ‘मेक इन इंडिया’ और रक्षा आत्मनिर्भरता नीति को और मजबूती मिलेगी। यह तकनीक भविष्य में भारतीय वायुसेना की सटीक हमले की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ आयात पर निर्भरता कम करने में भी मदद कर सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
