देश

Weather Update: दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश से कई पेड़ उखड़े, बिजली भी हुई थी ठप, अगले 3-4 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, जानिए देशभर का हाल

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated May 27, 2023, 09:31 PM IST

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। इससे दिल्ली और आसपास के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग ने कहना है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में 5 दिन आंधी-तूफान रहेगा। दिल्ली में अगले 3-4 दिन आंधी-तूफान की आशंका है।

Image

Weather: दिल्ली-एनसीआर में आंधी के साथ तेज बारिश

Photo : ANI

Weather Update: अचानक बदला मौसम का मिजाज बदल गया। दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बिजली भी कड़क रही थी। हालांकि लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली। दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के कारण जलभराव हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बादलों का एक समूह दिल्ली-एनसीआर से गुजर रहा है। इसके प्रभाव में है, इसी से बारिश हुई। अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश और 40-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। झुलसती गर्मी से दिल्लीवासियों को राहत मिली है। शनिवार सुबह दिल्ली में तेज हवा के साथ बारिश का आगमन हुआ है। जिससे न सिर्फ दिल्ली का मौसम बदला है बल्कि दिल्लीवासियों का मिजाज भी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हुआ है। और यह राहत अगले 2 से 3 दिनों तक बने रहने की संभावना है। दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया कि खराब मौसम की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ है। अपडेट उड़ान जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करने की सलाह दी जाती है। एयरपोर्ट अधिकारी ने कहा कि खराब मौसम के कारण आज सुबह कुल 4 उड़ानें जयपुर डायवर्ट की गईं। सभी उड़ानें अलग-अलग शहरों से दिल्ली आ रही थीं।

अगले 3-4 दिन आंधी-तूफान की आशंका

IMD में वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने कहा कि अरब सागर से नमी की वजह से उत्तर-पश्चिमी भारत में आज और कल ऐसा ही मौसम रहेगा। कल से इसका प्रभाव अधिकतर उत्तर प्रदेश में रहेगा और उसके अगले दिन से इसमें कमी आएगी। उत्तर-पश्चिमी भारत में 5 दिन आंधी-तूफान रहेगा। दिल्ली में अगले 3-4 दिन आंधी-तूफान की आशंका है। हमने हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है लेकिन कल उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की आशंका और अन्य इलाकों में आंधी-तूफान रहेगा।

दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश, कई पेड़ उखड़े, बिजली आपूर्ति बाधित

दिल्ली तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश से कई पेड़ उखड़ गए और कई अन्य पेड़ों की शाखाएं टूट गईं जिसके कारण शहर के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बारिश के कारण फतेहपुर बेरी, सैनिक फार्म, छतरपुर, मुंडका, नजफगढ़, द्वारका, महिपालपुर, सूरज मल विहार, बलजीत नगर और दिलशाद गार्डन समेत कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति कई बार बाधित हुई। सुबह चली तेज आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अधिकारियों ने कहा कि पेड़ों के उखड़ने और उनकी शाखाओं के टूटने के कारण बिजली लाइन, खंभों और ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई। बीएसईएस के एक प्रवक्ता ने कहा कि बारिश के कारण बनी स्थिति से निपटने के लिए कर्मी ‘हाई अलर्ट’ पर थे और त्वरित प्रतिक्रिया दलों (क्यूआरटी) को सेवा में लगाया गया। प्रवक्ता के मुताबिक, जल्द ही अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लगा क्योंकि टूटकर गिरे पेड़ों को हटाया गया।

मौसम विभाग ने की थी भविष्यवाणी

आईएमडी ने शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और एक या दो जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया था। विभाग ने शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 डिग्री और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की थी। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट हुई है। दिल्ली के लोग भीषण गर्मी की लहर का सामना कर रहे थे। आईएमडी ने बताया कि दिल्सी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बताया कि शहर में सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत से 43 प्रतिशत के बीच रही।

इस साल बारिश लंबी अवधि में कुल 96% होने की उम्मीद

दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि भारत में एल नीनो के बावजूद 2023 में सामान्य मानसून की बारिश होने की संभावना है। यह एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में कृषि और समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाली सामान्य या सामान्य गर्मी की बारिश का पांचवां सीधा वर्ष होगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी डी एस पाई ने कहा कि बारिश आमतौर पर 1 जून के आसपास केरल राज्य के दक्षिणी सिरे पर प्रवेश करती है और सितंबर तक खत्म हो जाती है। इस साल लंबी अवधि के औसत का कुल 96% होने की उम्मीद है।

बारिश और बर्फवारी की वजह से हेमकुंड साहिब यात्रा स्थगित

उधर बारिश और बर्फवारी की वजह से हेमकुंड साहिब की यात्रा लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी स्थगित रही। चमोली के पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि श्री हेमकुंड साहिब के यात्रा मार्ग पर बारिश और बर्फ गिर रही है ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एहतियातन शुक्रवार को भी यात्रा रोकी गई है। इस वर्ष हेमकुंड साहिब की यात्रा 20 मई से शुरू हुई है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में 7785 तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब की यात्रा कर चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि हेमकुंड के समीप हिमनद है और ताजी बर्फ भी गिर रही है । उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए हेमकुंड के समीप अटलाकोटी हिमनद बिंदु पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) तैनात है जो यात्रियों को हिमनद से सुरक्षित आवागमन में सहयोग कर रही है ।

राजस्थान में 12 लोगों की मौत

राजस्थान के टोंक जिले में भारी बारिश के कारण अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 12 व्यक्तियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। जिले के कई इलाकों में गुरुवार रात तेज हवा के साथ भारी बारिश हुई, जिससे लोगों की जान चली गई और घरों को नुकसान पहुंचा। जयपुर तहसील में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि टोंक के मालपुरा, सीकर के लक्ष्मणगढ़, झुंझुनू के पिलानी, सवाई माधोपुर के बौंली, करौली के हिंडौन, जयपुर के सांभर, चाकसू, तथा चोमू और अजमेर के सरवर में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राज्य के कई अन्य स्थानों पर एक से चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें