देश

Weather Today: तीन दिन बाद भीषण गर्मी से थोड़ी राहत, जानें अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated May 24, 2023, 07:05 AM IST

Weather Today: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्य कुछ दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से राहत मिलने का अनुमान है। आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। 25, 26 और 27 मई को छिटपुट जगहों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है।

Image

Weather Forecast: अगले कुछ दिनों में गर्मी से मिलेगी राहत

Photo : BCCL

Weather Today: पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी ने दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। इस गर्मी में घर में रह रहे लोगों को तो थोड़ी राहत थी लेकिन मजदूरों, बेघर लोगों और जानवरों के लिए स्थिति असहनीय हो गई थी। मंगलवार को हल्का बादल होने की वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट हुई। लेकिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के 22 मौसम केंद्रों में से 7 में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किए जाने के साथ दिल्ली के कुछ हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार शाम को हालांकि 48 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी हवाओं और आसमान में छाए बादलों ने उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत दी। मौसम विभाग के मुताबकि बुधवार दोपहर या शाम को बादल छाए रहेंगे और इस दौरान आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। जल्द दिल्ली एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के लोगों के लिए राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले तीन दिन यानी 26 मई तक अधिकतर इलाकों में बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है। इससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं लाएगा। इसके परिणामस्वरूप, बृहस्पतिवार तक अधिकतम तापमान कम होकर 36 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा। इस महीने की शुरुआत में, मौसम कार्यालय ने मई में उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से कम अधिकतम तापमान और कम लू वाले दिनों की भविष्यवाणी की थी। आईएमडी द्वारा दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन में थोड़ी देरी की आशंका के साथ अधिकतम तापमान लंबे समय तक सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।

हिमाचल के कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई और मौसम विभाग ने 24 मई को राज्य के 10 जिलों में छिटपुट जगहों पर गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शिमला और आस पास के इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली चमकने के साथ बारिश हुई। मंडी में 17 मिलीमीटर बारिश हुई, जिसके बाद कांगड़ा में 13 मिलीमीटर बारिश तथा काल्पा में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने यहां 25, 26 और 27 मई को छिटपुट जगहों पर गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है क्योंकि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में प्रवेश कर गया है और इसके चलते राज्य में व्यापक वर्षा हो सकती है। चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की संभावना के साथ ओलावृष्टि के मद्देनजर किसानों को फसलों पर ओला-रोधी जाल का उपयोग करने की सलाह दी गई है और कीटनाशकों के छिड़काव के समय में बदलाव करने का सुझाव दिया गया है।

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन 46 डिग्री के पास पहुंचा पारा

दिल्ली के नजफगढ़ (46.7 डिग्री सेल्सियस) समेत कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान मंगलवार को लगातार दूसरे दिन 46 डिग्री के स्तर को पार कर गया। दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मध्य दिल्ली के रिज क्षेत्र में पारा 45.1 डिग्री, जाफरपुर में 45.2 डिग्री, नरेला में 45.2 डिग्री, पीतमपुरा में 46.1 डिग्री, पूसा में 45.7 डिग्री और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा और पंजाब, चंडीगढ़ में भीषण गर्मी

उधर हरियाणा और पंजाब में मंगलवार को पारा सामान्य से ऊपर रहने के साथ गर्म मौसम की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, हरियाणा में झज्जर में भीषण गर्मी पड़ रही है और अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हिसार और महेंद्रगढ़ का तापमान भी क्रमश: 45.1 डिग्री सेल्सियस और 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल, अंबाला और भिवानी में भी गर्म दिन का अनुभव हुआ, जो क्रमशः 41.2 डिग्री सेल्सियस, 41.3 डिग्री सेल्सियस और 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम संबंधी आंकड़ों से पता चलता है कि मंगलवार को बठिंडा 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पंजाब का सबसे गर्म स्थान रहा। जबकि अमृतसर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 42.4 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 41.7 डिग्री सेल्सियस और मुक्तसर में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कर्नाटक में प्री मानसून से 52 लोगों की मौत

कर्नाटक में प्री मानसून बारिश की वजह से अब तक 52 लोगों की मौत हो चुकी है और इसके साथ ही संपत्ति को भी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में मानसून-पूर्व बारिश शुरू हो गई है, अप्रैल से जून के बीच मानसून-पूर्व बारिश होती है। इस बार मानसून-पूर्व बारिश सामान्य से 10 प्रतिशत अधिक रही है। बारिश में अब तक करीब 52 लोगों की मौत हो चुकी है, 331 मवेशी मारे गए हैं, 20,000 हेक्टेयर में फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और 814 घरों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि 52 मृतकों के परिवारों को पहले ही पांच लाख रुपये दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही, मवेशियों के नुकसान पर राहत देने और घरों को हुए नुकसान का आकलन करने और तत्काल राहत मुहैया कराने का निर्णय लिया गया है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article