IMD का बड़ा अलर्ट, देशभर में मौसम का तांडव, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं लू का कहर! अगले 48 घंटे भारी

देशभर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदल गया है। कई राज्यों में आज सुबह से ही आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी बनी हुई है।

आज का मौसम (03 मई 2026 Aaj Ka Mausam): देशभर में मौसम ने आज अचानक करवट बदल ली है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में आंधी, तेज हवाएं और बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। जिससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है और गर्मी से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर आंधी चली और झमाझम बारिश भी दर्ज की गई है। राजस्थान के जयपुर और आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं हरियाणा और पंजाब में चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला, अंबाला, जालंधर समेत कई जगहों पर सुबह धूल भरी आंधी चली। जिसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। उत्तराखंड के देहरादून में सुबह तेज बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। वहीं महाराष्ट्र समेत कुछ क्षेत्रों में अब भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जिससे मौसमी गतिविधियां और भी सक्रिय रहने की संभावना है।

दिल्ली में दो दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज और कल बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है। दोनों दिन मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आज दोपहर में बादल आने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दिल्ली 4 मई को भी आंधी-बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

End of Feed