देश

Weather Forecast: दिल्ली में 36 साल में सबसे ठंडा रहा मई का महीना, जानें अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated May 31, 2023, 11:39 PM IST

IMD Weather Forecast: ​मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में आने वाले एक से दो दिनों में आंधी-तूफान की संभावना है। यहां हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने बिहार और पश्चिम बंगाल में हीट वेब की संभावना जताई है। IMD ने उत्तराखंड में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

IMD ने जारी किया मौसम का पूर्वानुमान

IMD Weather Forecast: दिल्ली-यूपी (Delhi Weather ) समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम (IMD) बीते कुछ दिनों से मेहरबान है। यहां हीट वेब (Heat wave) से राहत मिली है और बारिश (Rain Fall) का दौर जारी है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से मौसम का ताजा पूर्वानुमान (Weather Forecast) जारी किया गया है। मौसम विभाग (Mausam Vibhag) के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी।

मौसम विभाग (India Meteorological Department) का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में आने वाले एक से दो दिनों में आंधी-तूफान की संभावना है। यहां हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने बिहार और पश्चिम बंगाल में हीट वेब की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल और बिहार में पहले से प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। यहां आने वाले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना नहीं है।

दिल्ली में इस साल का मई महीना 36 साल में सबसे ठंडा रहा

दिल्ली में बीते 36 साल में इस बार मई का महीना सबसे ठंडा रहा। आईएमडी ने बुधवार को बताया कि मई में अत्यधिक बारिश के कारण औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में मई 1987 में औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा, इस साल मई में औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1987 के बाद से सबसे कम है। दिल्ली में मई में सिर्फ नौ दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया और सिर्फ दो दिन शहर के कुछ हिस्सों में लू चली।आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, 2008 में 165 मिमी, 2021 में 144.8 मिमी और 2002 में 129.3 मिमी बारिश हुई थी जिसके बाद यह चौथा साल है जब मई में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसका कारण ज्यादा बार आए पश्चिमी विक्षोभ को बताया है।

इन राज्यों में होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के आसार हैं। यहां आज और कल बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, यहां ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है। इसके अलावा दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी एक से दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। आईएमडी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के आगरा, बागपत, अलीगढ़, बुलंदशहर व कुछ अन्य जिलों में एक से दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है।

दक्षिण भारत में भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों तक केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में बारिश होगी। साउथ इंटीरियर कर्नाटक और तमिलनाडु में एक जून तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article