5 July Weather Forecast in Hindi: घर से स्कूल-कॉलेज, ऑफिस या फिर किसी जरूरी काम से निकल रहे हैं तब आप साथ में छतरी और रेनकोट वगैरह लेकर निकलें। अपने मोबाइल्स और जरूरी डॉक्यूमेंट्स को भी किसी पॉलीथीन या फिर प्लास्टिक बैग में सेफ रखें। ऐसा इसलिए क्योंकि आज बुधवार यानी पांच जुलाई, 2023 को आपके शहर में बारिश हो सकती है। आइए, जानते हैं कि किस जगह पर कैसे हालात के आसार हैं:
देश की राजधानी दिल्ली में ठीक-ठाक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने शहर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दौरान सिटी के निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है और इस दौरान प्रमुख सड़कों पर यातायात भी बाधित हो सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
वहीं, महाराष्ट्र के मुंबई (देश की आर्थिक राजधानी) को लेकर आईएमडी ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया। यह अलर्ट बुधवार से शुक्रवार तक के लिए है। विभाग के अनुसार, बुधवार को मायानगरी में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। अगले दिन बृहस्पतिवार को भी कुछ जगहों पर भारी और अत्यधिक बारिश होने की संभावना है, जबकि शुक्रवार को भी यही स्थिति रह सकती है।
उधर, दक्षिण भारतीय सूबे केरल के एर्नाकुलम जिले में बुधवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी हुआ। मौसम विज्ञानियों की मानें तो अगले पाच दिनों के दौरान कुछ क्षेत्र में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इस बीच, एक रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बुधवार को केरल में विभिन्न स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
इस बीच, कश्मीर को लेकर आईएमडी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि पांच जुलाई को हल्की वर्षा की संभावना है, जबकि छह से आठ जुलाई तक सुबह-सुबह हल्की वर्षा होने के आसार हैं। लेकिन भारी वर्षा का अब तक कोई पूर्वानुमान नहीं है। लद्दाख में तापमान अधिकतर शुष्क ही रहेगा बस कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। तापमान में उतार-चढाव होगा लेकिन उच्च तापमान नहीं रहेगा।
दरअसल, आईएमडी मौसम की चेतावनी के लिए चार ‘रंगों के कोड’ का इस्तेमाल करता है। ये रंग इस प्रकार हैंः‘हरा’ (कोई कार्रवाई आवश्यक नहीं), ‘पीला’ (देखें और तत्पर रहें), ‘नारंगी’ (तैयार रहें) और ‘लाल’ (कार्रवाई करें) हैं। हालात को ध्यान में रखते हुए ये अलर्ट जारी किए जाते हैं। ये अलर्ट ‘ग्रीन अलर्ट’, ‘येलो अलर्ट’, ‘ऑरेंज अलर्ट’ और ‘रेड अलर्ट’ होते हैं।
