'ममता का समर्थन करने यदिं बंगाल जाएंगे तो मिलेंगे 50 लाख', फारूक अब्दुल्ला का सनसनीखेज खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 8, 2021, 06:48 AM IST

 नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को एक ऐसा खुलासा किया जिससे हैरानी होती है। उन्होंने विरोधियों पर उन्हें फंसाने की साजिश का आरोप लगाया।

जम्मू: नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को जम्मू के ऊधमपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि विपक्षी पार्टियां उन्हें बदनाम करने और आपस में लड़वाने की साजिश रच रही हैं। इन्होंने इस संबंध में पांच दिन पहले एक फोन कॉल का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले उनके पास फर्जी कॉल आया था जो खुद को झारखंड का सीएम बताते हुए पश्चिम बंगाल चलने तथा ममता बनर्जी का प्रचार करने की बात कह रहा था। उन्होंने कहा कि इसके बदले में सामने वाले ने 50 लाख रुपये देने के भी बात कही।

फर्जी कॉल की बताई कहानी

कार्यक्रम के दौरान फारूक अब्दुल्ला ने कहा, 'कुछ दिन पहले मेरे पास फर्जी कॉल आया, जिसमें मुझे कहा गया कि झारखंड के CM साहब मुझसे बात करेंगे जब कि वे उस समय पर अन्य कॉल पर व्यस्त थे। करीब आधे घंटे बाद फिर फोन आया और सामने वाला क्या कहता है? कहता है कि, पांच तारीख को जनाब आप कोलकाता  आइए, हमें ममता के लिए काम करना है। मैं आपको 50 लाख रुपये आपको दूंगा। कमाल है मुख्यमंत्री मुझे पचास लाख देंगे?'

हो रही है साजिश

फारूक अब्दुल्ला ने कहा, 'मैं सोच में पड़ गया कि ऐसा हो नहीं सकता है। देखिए कैसे साजिशें करते हैं। मैंने फौरन हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सांसद को कॉल किया तो उन्होंने बताया कि ये वही जमात कर रही है जो हमारे खिलाफ है और देवैगौड़ा जी को भी ऐसा ही कॉल गया है।  हमें लड़ाने के लिए ये कोई भी हथकंड़ा अपनाएंगे याद रखिएगा। यदि हम सब एकजुट हो जाएं तो दुनिया की कोई भी ताकत नहीं हरा सकती।'

End of Article