Jammu Kashmir: सुरक्षाबलों ने 24 घंटे के भीतर तीन आतंकी मार गिराए, लश्कर का टॉप कमांडर भी ढेर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 20, 2020, 09:33 AM IST

जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने पिछले चौबीस घंटे के दौरान तीन आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में एक टॉप लश्कर कमांडर भी शामिल है।

श्रीनगर: घाटी में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का 'ऑपरेशन ऑल आउट' जारी है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान घाटी में अलग-अलग जगहों पर हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है जिसमें लश्कर ए- तैयबा का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल है। शोपियां और हंदवाड़ा में हुए इन एनकाउंटर्स में मारे गए आतंकियों के पास से सुरक्षाबलों ने गोला-बारूद और हथियार भी बरामद किए हैं जिनमें एके-47 जैसे हथियार शामिल हैं।

टॉप कमांडर ढेर

शोपियां में कल दोपहर से एनकाउंटर चला था जो बुधवार देर रात तक जारी रहा और इस दौरान आतंकी संगठन जैश-ए- मोहम्मद का एक आतंकवादी ढेर किया गया। मारे गए आतंकी के पास से हथियार औऱ बड़ी मात्रा में गोलाबारूद बरामद किया गया। लेकिन इससे भी बड़ी सफलता सुरक्षाबलों को उस समय हाथ लगी जब बुधवार को उन्होंने हंदवाड़ा में एक शीर्ष लश्कर कमांडर को मार गिराया। पिछले 6 महीने के दौरान उत्तर कश्मीर में अलग-अलग जगहों पर हुए आतंकी हमले में जो 6 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे उनमें इसी कमांडर का हाथ था। सोपोर बस हमले पर ग्रनेड अटैक में भी यह आतंकी शामिल था। इस आतंकी के पास से एक एके 47 भी बरामद हुई है जो उसने सीआरपीएफ जवान को मारने के बाद छीनी थी।

कई हथियार औऱ गोलाबारूद बरामद

इससे पहले बुधवार को कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकवादी में एक नसीरुद्दीन लोन है जो कि 18 अप्रैल को सोपोर में सीआरपीएफ के तीन जवानों की हत्या और चार मई को सीआरपीएफ के इतने ही जवानों की हंदवाड़ा में हत्या में शामिल था। मुठभेड़ स्थल से एक पिस्तौल, छह गोलियां, एक यूबीजीएल, चार चीनी हथगोले बरामद हुए, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया।

End of Article