कल केरल में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। वीडी सतीसन कल केरल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे। इस समारोह से पहले उन्होंने अपने मंत्रिमंडल का एलान कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और सनी जोसेफ को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इस मौके पर सतीसन ने कहा कि गठबंधन के नेताओं के बीच विचार-विमर्श के बाद मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया गया है, जिसमें गठबंधन के भीतर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया है।
कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले यूडीएफ ने वरिष्ठ विधायक थिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त करने का भी निर्णय लिया है। इतना ही नहीं शनिमोल उस्मान को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री जो कल शपथ लेंगे-
1) पीके कुन्हालीकुट्टी2)रमेश चेन्निथला
3)के मुरलीधरन
4)सनी जोसेफ
5) मॉन्स जोसेफ
6) शिबू बेबी जॉन
7)अनूप जैकब
8) सीपी जॉन
9)एपी अनिल कुमार
10) एन समसुधीन
11) पीसी विष्णुनाथ
12) रोजी एम जॉन
13)बिंदु कृष्ण
14) एम लिजू
15) केएम शाजी
16) पीके बशीर
17) वीई अब्दुल गफूर
18) टी सिद्दीकी
19) केए तुलसी
20) ओ जे जनीश
इस मौके पर सतीसन ने कहा कि कांग्रेस को 63 सीटें मिलने के बावजूद कई योग्य नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई। उन्होंने कहा कि सूची में और सूची से बाहर भी कई योग्य नेता हैं। लेकिन कांग्रेस जैसी पार्टी को ऐसे निर्णय लेते समय सामाजिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और कई अन्य कारकों पर विचार करना होता है।उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन सहयोगियों के बीच विभागों के आवंटन पर चर्चा लगभग पूरी हो चुकी है, केवल कुछ मामूली सुधार बाकी हैं।
आईयूएमएल के पांच मंत्री होंगे
वहीं, केरल में कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने रविवार को कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वीडी सतीशन के नेतृत्व वाले नये मंत्रिमंडल में पार्टी के पांच मंत्री शामिल होंगे।
आईयूएमएल प्रमुख पनाक्कड़ सादिक अली शिहाब थंगल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि नयी सरकार में पार्टी के पांच नेताओं को मंत्री पद सौंपने का फैसला लिया गया है, जिनमें पीके कुन्हालीकुट्टी, एन शम्सुद्दीन, के एम शाजी, पी के बशीर और वीई अब्दुल गफूर शामिल हैं। थंगल ने कहा कि यह फैसला आंतरिक चर्चाओं के बाद और गठबंधन के सत्ता-साझेदारी समझौते के अनुसार लिया गया है।
बता दें कि गठबंधन में शामिल सभी दलों की सहमति के बाद अब अंतिम सूची औपचारिक रूप से राज्यपाल को सौंपी जाएगी। उनका अनुमोदन के बाद आधिकारिक राजपत्र के माध्यम से अधिसूचित की जाएगी।
मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी होंगे समारोह में शामिल
वहीं, कल होने वाले शपथग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वायनाड से लोकसभा सदस्य और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी समारोह में शामिल होंगी।उन्होंने कहा कि अब तक कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के समारोह में शामिल होने को लेकर पुष्टि नहीं हुई है।
सतीशन ने इससे पहले कहा था कि राष्ट्रीय नेतृत्व समारोह के लिए अन्य राज्यों के नेताओं को आमंत्रित करेगा। इसके अलावा,कांग्रेस शासित राज्यों कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होंगे।
थलापति विजय को भी दिया गया न्योता
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) अध्यक्ष सी जोसेफ विजय को भी आमंत्रित किया है, लेकिन उनकी ओर से पुष्टि की प्रतीक्षा है। बता दें कि केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 102 सीट जीती हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
