Vaishno Devi Yatra Suspended: चैत्र नवरात्र 2026 के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने पर शनिवार को वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, शाम चार बजे तक करीब 39,000 भक्तों ने गुफा मंदिर में दर्शन-पूजन किया। 19 मार्च से शुरू हुए चैत्र नवरात्र के कारण यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यह पर्व 27 मार्च तक जारी रहेगा और मंदिर प्रबंधन को इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
श्राइन बोर्ड के अधिकारी ने क्या जानकारी दी?
श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि भवन क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के चलते यात्रा को फिलहाल रोकना पड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपने वाहनों के माध्यम से यात्रा स्थगित किए जाने की सूचना प्रसारित की। साथ ही यह भी कहा गया कि रविवार सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए नए पंजीकरण की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को 39,000 से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र नगर कटरा पहुंचे और जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों की ऊंचाई पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। भारी भीड़ के चलते प्रशासन ने शाम करीब 4 बजे यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया।
चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन ऐसा रहा माहौल
अधिकारियों के मुताबिक, पंजीकरण करा चुके 10,000 से अधिक श्रद्धालु अभी भी गुफा मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग में आगे बढ़ रहे हैं। नवरात्र के तीसरे दिन सैकड़ों भक्त ‘जय माता दी’ के जयकारों के साथ माता वैष्णो देवी धाम की तरफ जाते दिखाई दिए। प्रशासन ने बताया कि कटरा स्थित आधार शिविर से लेकर तीर्थस्थल तक पूरे रास्ते पर बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से पूरी हो सके।
तीर्थयात्री-केंद्रित व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित
अधिकारियों ने बताया कि चैत्र नवरात्र 2026 की शुरुआत के अवसर पर बृहस्पतिवार को मंदिर परिसर में पवित्र शत चंडी महायज्ञ का आयोजन आरंभ किया गया। उनका कहना है कि गुफा मंदिर में गूंज रहे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों का आध्यात्मिक वातावरण पूरी मानवता के लिए शांति, समृद्धि और कल्याण का संदेश दे रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक बनाने के लिए तीर्थयात्री-केंद्रित व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
(इनपुट - भाषा)
