Uttarakhand Flash Floods: उत्तरकाशी जिले के धराली में भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की वजह से महाराष्ट्र के 151 पर्यटक फंस गए जिसके बाद से महाराष्ट्र सरकार लगातार पर्यटकों की सुरक्षित वापसी की योजना पर काम कर रही है। साथ ही उत्तराखंड प्रशासन के लगातार संपर्क में है। अधिकारियों के मुताबिक, अबतक 120 पर्यटकों से संपर्क साधा गया है। उन्होंने बताया कि यह पर्यटक भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक शिविर में सुरक्षित हैं।
धराली में युद्धस्तर पर चल रहा बचाव अभियान (फोटो साभार: PTI)
कहां हैं शेष 31 पर्यटक?
महाराष्ट्र के मुख्य सचिव राजेश कुमार ने उत्तराखंड के अपने समकक्ष आनंद बर्धन से बात की और शेष 31 पर्यटकों का पता लगाने और उनकी वापसी में सभी आवश्यक सहायता का अनुरोध किया। दरअसल, महाराष्ट्र के 151 पर्यटकों में से 120 से ही संपर्क हो सका है और शेष 31 पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
कहां के कितने पर्यटकों से नहीं हो पाया संपर्क?
अधिकारियों ने बताया कि जिन पर्यटकों से अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है उनमें ठाणे के पांच, सोलापुर के चार, अहिल्यानगर का एक, नासिक के चार, मालेगांव के तीन, चारकोप-कांदिवली के छह, मुंबई उपनगर के छह और टिटवाला के दो लोग शामिल हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम कनेक्टिविटी और चार्जिंग सुविधाओं की कमी की वजह से शेष पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पाया। आनंद बर्धन ने राजेश कुमार को आश्वासन दिया कि उनका पता लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
मुख्य सचिव राजेश कुमार ने पर्यटकों के परिवारों से अपील की कि वह न घबराएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उत्तराखंड के अधिकारियों के संपर्क में हैं। पर्यटकों को रेल या हवाई परिवहन द्वारा वापस लाने की व्यवस्था की जा रही है।
