देश

दुकानें बह गईं, होटल तबाह...देहरादून में बादल फटने और भारी बारिश से मुश्किल में पड़ी जान, वीडियो में देखें डरावना मंजर

देहरादून में बादल फटने व उसके बाद नदी में जलस्तर बढ़ने से जो नुकसान और डरावना मंजर देखने को मिल रहा है, उससे स्थिति कितनी खतरनाक है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। ऐसे में पीएम मोदी ने उत्तरखंड के सीएम से भी बात की है। आइए ऐसे में वीडियो के जरिए देखते हैं कि देहरादून में क्या स्थिति है।

Image

देहरादून में बादल फटने के बाद भारी तबाही (Photo- ANI)

Dehradun experiences heavy rainfall and flooding: उत्तराखंड के देहरादून में तबाही का भारी मंजर देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में जाते-जाते मानसून एक जख्म और दे गया है। आधी रात बादल फटने व भारी बारिश के कारण देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाढ़ आ गई, जिससे सड़कें खत्म हो गईं। इस घटना के बाद क्षेत्र की कई नदियां उफान पर आ गईं, सड़कें और दुकानें जलमग्न हो गईं और सड़कों पर मलबा जमा हो गया। फंसे हुए लोगों की मदद के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को लगाया गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के सीएम पुष्कर सिंह धामी से बात की है।

सहस्त्रधारा में बादल फटने के चलते आई भारी बाढ़

वहीं, देहरादून में आई बाढ़ के बाद दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। SDRF ने देवभूमि संस्थान के छात्रों समेत 100 से ज्यादा लोगों को बचाया है। इस बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी देहरादून के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

रेड जोन में देहरादून के कई इलाके, कारलीगढ़ नदी में आई बाढ़

सहस्त्रधारा में बादल फटने के बाद बाढ़ आ गई, जहां फिलहाल देहरादून के कई इलाकों को रेड जोन में रखा गया है। बता दें कि कारलीगढ़ नदी में बाढ़ आ गई, जिससे कई होटलों को भारी नुकसान हुआ है।

डेंटल कॉलेज के पास बना पुल बहा

देहरादून में आए फ्लैश फ्लड में उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के पास बना पुल बह गया है। वहीं, ग्रांउड जीरो पर सीएम धामी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि देहरादून में सहस्त्रधारा और माल देवता तथा मसूरी में भी नुकसान की खबरें हैं। अधिकारी ने बताया कि टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य में लगी हुई हैं, जबकि 300 से 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

महादेश मंदिर में आई बाढ़

देहरादून से एक और वीडियो सामने आई, जिसमें टपकेश्वर महादेव मंदिर नदी में समाता नजर आया। वहीं, भारी बारिश ने जो तबाही मचाई,उसमें घर, दुकान व JCB तक भी मलबे में नजर आ रही है।

हरिद्वार हाईवे बहा, वीडियो देखें

देहरादून में अचानक बादल फटने के बाद आई बाढ़ में हरिद्वार हाईवे बह गया है। वहीं, पीटीआई के मुताबिक, मसूरी में एक पुल बह गया और एक व्यक्ति की मौत की खबर है।

पीएम मोदी ने की सीएम धामी से बात

देहरादून में आई बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे धामी ने बताया, 'घरों और सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। जनजीवन प्रभावित हुआ है। हम हालात को पटरी पर लाने के लिए काम कर रहे हैं। कई जगहों पर संपर्क टूट गया है। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। हमारे सभी विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सुबह मुझसे बात की और पूरी जानकारी ली। उन्होंने हमें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। हम इस आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए काम कर रहे हैं।

तमसा नदी उफान पर

देहरादून से जो भयावह दृश्य सामने आ रहे हैं, वह तबाही के पैमाने को साफतौर पर दर्शाते हैं। कई वीडियो में तमसा नदी उफान पर और तेज बहाव के साथ बहती दिखाई दे रही है। शहर के टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर के आसपास भी मलबा जमा हो गया है।

बता दें कि देहरादून और आसपास के इलाकों के लोगों को नदियों और नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के बाद, घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) से जुड़े सभी विभाग सक्रिय हो गए हैं और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और पुलिस सहित कई एजेंसियां राहत और बचाव अभियान चला रही हैं।

Abhishek Sinha
अभिषेक सिन्हाauthor

पत्रकारिता में 23वर्षों का अनुभव पिछले 19 वर्षों से उत्तराखंड की छोटी से लेकर बड़ी ख़बरों को करने में अहम योगदान एवं सबसे आगे, दिल्ली एनसीआर में जैन टीवी और BAG फिल्म्स के साथ उत्तराखण्ड में आजतक टीवी9,live india, और समाचार प्लस के लिए इनवेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म के तहत कई बड़ी ख़बरों को जनता के सामने बड़ी निर्भीकतापूर्वक और ईमानदारी के साथ पेश किया और कई प्रतिष्ठित संस्थानों में अहम भूमिका के साथ जन सरोकार की ख़बरों में प्रमुखता से सबसे आगे और सटीक जानकारी के साथ ख़बरों को जनता के सामने परोसने का जस्बा और हिम्मत भरा लंबा सफ़र.

और पढ़ें
End of Article