देश

'हनीमून एक्सप्रेस' के वायरल वीडियो पर बवाल... फूलों से सजा AC फर्स्ट क्लास कूपा, रेलवे ने TTE को किया सस्पेंड

एक नवविवाहित दंपति मुंबई जा रहा था। उन्होंने निजी तौर पर एक ऑनलाइन डेकोरेटर से संपर्क किया और ट्रेन के फर्स्ट AC कूपे को सजाने का इंतजाम कराया।

Image

फूलों से सजा AC फर्स्ट क्लास कूपा

सोशल मीडिया पर पिछले दो दिनों से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय रेलवे की 11002 नांदिग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट AC कूपे को किसी होटल के हनीमून सूट की तरह सजाया गया दिखाई देता है। कूपे में गुलाब की पंखुड़ियां, लाल गुब्बारे, कृत्रिम फूल, फेयरी लाइट्स और 'Happy Journey' जैसे सजावटी संदेश लगाए गए थे। इस वजह से सोशल मीडिया पर ट्रेन को 'हनीमून एक्सप्रेस' और 'सुहागरात एक्सप्रेस' तक कहा जाने लगा।

जानकारी के मुताबिक, 6 जुलाई को एक नवविवाहित दंपति मुंबई जा रहा था। उन्होंने निजी तौर पर एक ऑनलाइन डेकोरेटर से संपर्क किया और ट्रेन के फर्स्ट AC कूपे को सजाने का इंतजाम कराया। डेकोरेटर बिना रेलवे की अनुमति के ट्रेन में चढ़ा और कोच के अंदर सजावट कर दी। सजावट का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया।

रेलवे ने क्या कार्रवाई की?

दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक माना है। रेलवे का कहना है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना अनुमति AC कोच में प्रवेश नहीं दिया जा सकता। मामले में ड्यूटी पर मौजूद चीफ टिकट इंस्पेक्टर (TTE) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर बंटी राय

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे कपल के लिए यादगार सरप्राइज बताया, जबकि कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर किसी बाहरी व्यक्ति को ट्रेन के AC कोच में कैसे प्रवेश मिल गया।

रेलवे का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेन में अनधिकृत प्रवेश को लेकर रेलवे की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article