Azamgarh Latest News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में दिल्ली के महरौली में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। आरोपी ने वहां मंदिर ले जाने के बहाने अपनी पूर्व प्रेमिका की गला घोंट कर हत्या कर दी। मुख्यारोपी ने इस दौरान अपने भाई की मदद ली और फिर लाश के छह टुकड़े कर कुएं और तालाब में फेंक गिए। बाद में जब वह पकड़ा गया तो उसने पुलिस से दावा किया कि लड़की ने उसके साथ धोखा किया था, इसलिए उसने परिजन के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस को मुख्यारोपी के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुआ है।
आजमगढ़ के एसपी अनुराग आर्य ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया- अज्ञात महिला की सिरकटी लाश कुएं से मिली। मुख्यारोपी को पुलिस के साथ हुए एन्काउंटर में पकड़ लिया गयाहै, जबकि आठ और गिरफ्तारियां की जानी हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी का उस महिला के साथ पहले संबंध रहा था। मृतका की इसी साल फरवरी में शादी हुई थी और वह तब विदेश में रह रही थी। भारत वापसी पर लड़के ने उसे शादी तोड़ने के लिए कहा, पर वह राजी न हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इसके बाद उसे 10 नवंबर को मंदिर ले जाने का बहाना बना साथ ले गया और उसने एक मैदान में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने उसकी लाश के टुकड़े कर दिए और उन्हें कुएं में फेंक दिया। यही नहीं, आरोपी ने उसके कपड़े भी कुएं में डाल दिए, जबकि धड़ से अलग सिर को तालाब में फेंक दिया। मृतका के कपड़े और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। मुख्यारोपी प्रिंस यादव है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके एक पैर में गोली से चोट लगी है, जबकि उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ है।
इस बीच, समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट में बताया गया कि आराधना की हत्या कर शरीर के कटे हिस्सों को कुएं में फेंकने के आरोप में रविवार शाम गिरफ्तार किए गए प्रिंस ने बताया है कि मृतका ने उसके साथ 'धोखा' किया था। लड़की ने उसकी प्रेमिका होने के बावजूद किसी और से शादी कर ली थी। यादव ने कबूला कि उसने माता-पिता, चचेरे भाई सर्वेश और परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से आराधना को मारने की साजिश बनाई थी।
नौ नवंबर, 2022 को वारदात के दौरान आरोपी आराधना को बाइक से ले गया था। हत्या करने में उसने चचेरे भाई सर्वेश की मदद ली थी। फिर दोनों ने उसके शरीर के छह टुकड़े कर पॉलीथिन में भरकर कुएं में फेंक दिए थे। पर यह घटना 15 नवंबर, 2022 को सामने आ सकी, जब स्थानीय लोगों को पश्चिमिमी गांव के बाहर उस कुएं में युवती की लाश देखी। अर्धनग्न लाश दो-तीन दिन पुरानी लग रही थी।
