Anuj Pratap Singh: सुल्तानपुर डकैती के आरोपी अनुज प्रताप सिंह एनकाउंटर मामले की जांच होगी। अनुज का उन्नाव में 23 सितंबर को एनकाउंटर हुआ था। डीएम गौरांग राठी ने एनकाउंटर के मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज को जांच अधिकारी नामित किया है। 15 दिन में एनकाउंटर मामले की मजिस्ट्रेटी जांच पूरी होगी। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में पिछले माह एक सर्राफा कारोबारी की दुकान में हुई डकैती के मामले में आरोपी अनुज का 23 सितंबर को एनकाउंटर हुआ था। आरोपी अनुज उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
सुलतानपुर में भारत ज्वैलर्स दुकान में डकैती
अपर पुलिस महानिदेशक (एसटीएफ व कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया था कि उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र में एसटीएफ लखनऊ की टीम और सुलतानपुर में भारत ज्वैलर्स की दुकान में हुई डकैती से संबंधित आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया जबकि दूसरा मौके का फायदा उठाकर भाग गया। यश ने बताया कि घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार हेतु सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में अभियुक्त अनुज प्रताप सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
