Wrestlers Protest: केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि उन्होंने प्रदर्शनकारी पहलवानों को बातचीत के लिए बुलावा है। ये पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। पहलवानों ने सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। ठाकुर ने कहा है कि सरकार पहलवानों के साथ बातचीत करना चाहती है।
मैंने बातचीत के लिए फिर बुलाया-ठाकुर
ठाकुर ने बुधवार को अपने एक ट्वीट में कहा, 'पहलवानों के मुद्दों पर सरकार उनके साथ बातचीत करने की इच्छुक है। मैंने पहलवानों को एक बार फिर बातचीत के लिए बुलाया है।' बता दें कि सिंह के खिलाफ प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले पहलवान बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक एवं विनेश फोगाट वापस रेलवे की अपनी नौकरी पर लौट आए हैं। बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद ये पहलवान वापस नौकरी पर लौटे हैं।
बृजभूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप
भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पहलवानों का आरोप है कि सिंह ने अलग-अलग समय पर उन्हें गलत तरीके से छूया। सांस चेक करने के बहाने उन्होंने उनके शरीर को हाथ लगाया। हालांकि, सिंह अपने खिलाफ लगे इन आरोपों को सिरे से खारिज करते आए हैं। उनका दावा है कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है।
सिंह के लोगों का बयान दर्ज
महिला पहलवानों और सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद दिल्ली पुलिस ने गत 28 अप्रैल को दिल्ली के कनॉट प्लेस में सिंह के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज किया। एक आरोप नाबालिग महिला पहलवान और दूसरी एफआईआर छह महिला पहलवानों की शिकायत पर आधारित है। सिंह पर पॉक्सो एक्ट के तहत भी केस दर्ज हुआ। इसके तहत दोषी होने पर उन्हें आठ साल की सजा हो सकती है। दिल्ली पुलिस की एक टीम मंगलवार को सिंह के गोंडा स्थित आवास पहुंची और करीब दर्जन भर लोगों के बयान दर्ज किए।
