Umesh Pal Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजनीति में भूचाल लाने वाला बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में यूपी पुलिस ने एक और चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस चार्जशीट में अतीक अहमक के बहनोई डॉक्टर अखलाक समेत 8 लोग शामिल है। इसमें जिन आरोपियों के खिलाफ शनिवार को चार्जशीट दाखिल किया गया, उनमें कैश अहमद, राकेश उर्फ नाकेश उर्फ लाला, अरशद कटरा, नियाज अहमद, इकबाल अहमद, शाहरुख, अखलाक अहमद और खान शौलत हनीफ शामिल हैं। खान शौलत हनीफ वर्तमान में केंद्रीय कारागार नैनी में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।
एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
जिला शासकीय अधिवक्ता गुलाब चंद्र अग्रहरि ने बताया कि उमेश पाल हत्याकांड के मामले में एसीपी धूमनगंज महेंद्र सिंह देव ने आठ आरोपियों के खिलाफ शनिवार को विशेष एससी-एसटी अदालत के न्यायाधीश अनिरुद्ध कुमार तिवारी के समक्ष चार्जशीट दाखिल की गई है। अग्रहरि ने बताया कि उमेश पाल की पत्नी जया पाल की तहरीर पर इन आरोपियों के खिलाफ थाना धूमनगंज में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, सीएलए अधिनियम और एससी-एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
सुनवाई कीअगली तारीख 21 जून
उन्होंने बताया कि धूमनगंज थाना द्वारा कुल 1979 पेज की चार्जशीट दाखिल की गई है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ विवेचना चल रही है। एक आरोपी सदाकत खान के खिलाफ पहली चार्जशीट 26 मई को अदालत में दाखिल की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अदालत ने इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख 21 जून, 2023 नियत की है।
आरोपी अतीक और अशरफ की हो चुकी है मौत
गौर हो कि 24 फरवरी को उमेश पाल और उसके दो सुरक्षाकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल, बीएसपी विधायक राजू पाल हत्याकांड का मुख्य गवाह था। इस मामले में नामजद मुख्य आरोपियों में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल, 2023 को मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय काल्विन अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
कुल 21 आरोपी में 6 की मौत, 9 जेल में, 6 फरार
उमेश हत्याकांड में कुल 21 आरोपी हैं। इनमें अतीक-अशरफ, गुलाम, असद, अरबाज और विजय चौधरी समेत 6 की मौत हो चुकी है। सदाकत समेत कुल 9 जेल में हैं। शूटर गुड्डू मुस्लिम, साबिर, अरमान, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और अशरफ की पत्नी जैनब के अलावा बहन आयशा नूरी फरार चल रही हैं। पुलिस सभी तलाश में जुटी हुई है।
