देश

Twisha Sharma Suicide Case: 'ट्विशा की सास...', बहन स्वाति ने समर्थ और उसकी मां को लेकर कोर्ट से क्या की अपील?

Twisha Sharma Suicide Case: भोपाल में पूर्व ‘मिस पुणे’ और कम्युनिकेशंस प्रोफेशनल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सरकार ने केस की गंभीरता को देखते हुए इसकी CBI जांच की सिफारिश कर दी है। इसी बीच ट्विशा का दूसरी बार पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवार ने पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। मुख्य आरोपी समर्थ सिंह पिछले 10 दिनों से फरार था, जिसे शुक्रवार देर रात जबलपुर से गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया। SIT अब उसे कोर्ट में पेश कर 7 दिन की रिमांड मांगने वाली है। परिवार का आरोप है कि उसने सरेंडर नहीं किया बल्कि गिरफ्तारी हुई है।

Image

ट्विशा शर्मा की बहन ने की कोर्ट से खास अपील। AI IMAGE

Twisha Sharma Suicide Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले की लगातार जांच हो रही है। वहीं, ट्विशा का दूसरी बार पोस्टमार्टम होने जा रहा है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने अब इसकी सीबीआई जांच कराने की सिफारिश कर दी है।

इसी बीच ट्विशा के परिवारवालों ने उनके ससुरालवालों को लेकर कई टिप्पणी की। ट्विशा की बहन स्वाति ने कहा कि समर्थ ने सरेंडर नहीं किया बल्कि अरेस्ट किया गया। ट्रायल कोर्ट की जगह हाई कोर्ट क्यों पहुंचे थे। हम चाहते हैं कि जल्दी पोस्टमार्टम हो जाए। वहीं, कोर्ट गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द करे। सीबीआई जांच का फैसला सही मगर देरी से हुआ।

30,000 का इनामी आरोपी समर्थ पिछले 10 दिनों से फरार चल रहा था। शुक्रवार देर रात उसे जबलपुर से गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया है। आज विशेष जांच दल (SIT) उसे अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। SIT प्रमुख ने कहा है कि 7 दिनों की हिरासत की मांग की जाएगी।

जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचकर किया सरेंडर

समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मध्य प्रदेश उच्च न्यायालयमें अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी। हालांकि, शुक्रवार को दिन में जब हाईकोर्ट ने उसकी याचिका पर कड़ा रुख अपनाया, तो समर्थ ने अपनी अर्जी वापस ले ली। जमानत का रास्ता बंद होते ही उसके पास आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। वह शुक्रवार को जबलपुर जिला न्यायालय परिसर में सरेंडर करने पहुंचा था।

क्या है पूरा मामला?

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में हुई कम्युनिकेशंस प्रोफेशनल और पूर्व 'मिस पुणे' ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल पुलिस ने मृतका के परिजनों के आरोपों के आधार पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दहेज निषेध अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

शादी के महज 5 महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौतमूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा ने कॉपोरेट जगत में अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ 'मिस पुणे' का खिताब भी अपने नाम किया था। दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के रहने वाले पेशे से वकील समर्थ सिंह के साथ हुई थी। लेकिन शादी के महज 5 महीने बाद ही, 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में ट्विशा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ पाया गया।

'दहेज के लिए बनाया जा रहा था दबाव'

ट्विशा के माता-पिता और परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही ट्विशा पर महंगे वाहन, भारी दहेज और मोटी रकम लाने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों ने खुलासा किया कि अपनी मौत से महज कुछ घंटे पहले भी ट्विशा ने रोते हुए अपनी मां को फोन किया था। उस आखिरी बातचीत में उन्होंने अपनी मां से मिन्नतें करते हुए कहा था कि वे तुरंत उनके घर वापसी का टिकट बुक कर दें, क्योंकि अब वहां रहना उनके लिए बर्दाश्त से बाहर हो चुका है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article