देश

Twisha Sharma Death Case: ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम क्यों चाहता है परिवार? जानें सुसाइड केस की क्या है मिस्ट्री

Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में जांच लगातार तेज होती जा रही है और मामला अब और संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है। पीड़िता के परिवार ने जांच पर सवाल उठाते हुए दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की है, ताकि किसी भी तरह की चूक या अनदेखी को दूर किया जा सके। भोपाल पुलिस की एसआईटी टीम मामले की गहन जांच कर रही है, जबकि आरोपी पति समर्थ सिंह पर इनाम घोषित कर पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

Image

Twisha Sharma Murder Case: ट्विशा की फिर से पोस्टमार्टम की उठ रही मांग। AI IMAGE

Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा सुसाइड केस लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जहां एक तरफ पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) जांच में जुटी है, वहीं अब पीड़िता के परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए एक बड़ी मांग रख दी है।

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, ट्विशा शर्मा के परिवार ने जांच पर गहरा संदेह जताते हुए मृतका का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की आधिकारिक मांग की है। परिवार का मानना है कि पहले पोस्टमॉर्टम में कुछ अहम तथ्यों को नजरअंदाज किया गया हो सकता है, इसलिए वे निष्पक्षता के लिए दोबारा जांच चाहते हैं।

एसआईटी की तफ्तीश और पुलिस की कार्रवाई

ट्विशा शर्मा के मायके पक्ष द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद भोपाल पुलिस इस मामले में लगातार सबूत जुटाने में लगी है। पुलिस कमिश्नर (सीपी) जोन-2 द्वारा आरोपी पति समर्थ सिंह पर पहले ही 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है और उसके पासपोर्ट को रद्द करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कटारा हिल्स थाना पुलिस ने रसूखदार पृष्ठभूमि वाले इस परिवार (पति समर्थ और रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह) के खिलाफ दहेज हत्या और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना का केस दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

मूल रूप से नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा एमबीए ग्रेजुएट थीं और पूर्व में मॉडलिंग व फिल्मों (जैसे 'जरा संभल के' और साउथ की 'मुग्गुरू मोनागल्लु') में काम कर चुकी थीं। साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात भोपाल के एडवोकेट समर्थ सिंह से हुई थी, जिसके बाद दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हुई।

आरोप है कि शादी के महज 5 महीनों के भीतर ही ससुराल पक्ष ने ट्विशा की ₹20 लाख की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को अपने नाम ट्रांसफर करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और उन्हें 'बोझ' कहकर प्रताड़ित किया। 12 मई 2026 की रात ट्विशा का शव भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला था।

मौत से ठीक पहले ट्विशा ने अपनी मां को व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपनी जिंदगी को 'नरक' बताया था और लिखा था कि उन्हें वहां बहुत 'सफोकेशन' (घुटन) हो रही है। फिलहाल, पुलिस परिवार की नई मांगों और एसआईटी की डायरी के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article