देश

ट्विशा शर्मा के पति आरोपी समर्थ सिंह के खिलाफ 'लुक आउट नोटिस' जारी, दूसरे पोस्टमॉर्टम के लिए भोपाल की कोर्ट में अर्जी

Twisha Sharma Death: ट्विशा के पति समर्थ सिंह को ढूंढने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। समर्थ सिंह के दो मोबाइल फोन बंद हैं। समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है

Image

ट्विशा के पति समर्थ सिंह को ढूंढने के लिए कई टीमें गठित (फाइल फोटो)

Twisha Sharma Death: ट्विशा के पति समर्थ सिंह को ढूंढने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। समर्थ सिंह के दो मोबाइल फोन बंद हैं। समर्थ का पासपोर्ट रद्द करने की मांग भी पुलिस ने की है। समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है। बता दें कि पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और मध्यप्रदेश और प्रदेश के बाहर भी पुलिस सर्चिंग कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 मई की देर रात कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में ट्विशा फांसी पर लटकी हुई मिलीं। उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।उसकी मृत्यु के बाद, कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन ने 15 मई को प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की, जिसमें ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया। भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3 और 4 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

भोपाल की एक कोर्ट में दूसरे पोस्टमॉर्टम के लिए अर्जी

ट्विशा शर्मा के परिवार ने भोपाल की एक कोर्ट में दूसरे पोस्टमॉर्टम के लिए अर्जी दी है। परिवार के वकील ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

33 साल की ट्विशा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी। पुलिस ने एक FIR दर्ज की है, जिसमें उसके पति, वकील समर्थ सिंह, और उसकी सास, रिटायर्ड जिला अतिरिक्त न्यायाधीश (ADJ) गिरिबाला सिंह पर दहेज हत्या और प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। पति समर्थ सिंह फरार है। परिवार के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, 'हमने भोपाल में संबंधित मजिस्ट्रेट के सामने ट्विशा के दूसरे पोस्टमॉर्टम के लिए अर्जी दी है।' परिवार का आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर उसकी मौत से पहले लगी चोटों के निशान थे।

ससुराल में हुई मौत ने एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है

नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित उनके ससुराल में हुई मौत ने एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। उनके परिवार ने उनके पति और ससुराल वालों पर लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक शोषण, दहेज उत्पीड़न और जांच को कमजोर करने के लिए प्रभाव का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। 31 वर्षीय ट्विशा, जो लगभग दो महीने की गर्भवती थीं, 12 मई की रात को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने घर में फांसी पर लटकी हुई मिलीं।

ट्विशा की दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई शादी

उन्होंने दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से शादी की थी, जो सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं। दोनों की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। यह मामला तब से राजनीतिक और कानूनी रूप से संवेदनशील हो गया है, जिसमें कहा गया कि आरोपी परिवार द्वारा कार्यवाही को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन

वहीं रविवार को ट्विशा के परिवार ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और दिल्ली के एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिवार ने ट्विशा के पति और ससुराल वालों पर लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है और कहा है कि वे जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार ने यह भी मांग की है कि पोस्टमार्टम के लिए ट्विशा के शव को उचित तरीके से संरक्षित किया जाए और कहा कि उन्हें मौजूदा जांच पर विश्वास नहीं है।

अखिलेश यादव बोले कार्रवाई न करने का क्या कारण है?

उधर सपा चीफ अखिलेश यादव ने ट्विशा शर्मा के मामले में प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने इस मामले में अभी तक उचित कार्रवाई न होने को लेकर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया साइट एक्स पर उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम ने लिखा कि 'उप्र की एक बेटी की, मप्र के भोपाल में हुई दहेज़ हत्या कांड की गंभीर जांच हो और पीड़ित पक्ष को न्याय मिले, उन्होंने लिखा कि जब दोनों राज्यों 'मध्य प्रदेश' और 'उत्तर प्रदेश' में भाजपा सरकारें हैं तो फिर कार्रवाई न करने का क्या कारण है, ये स्पष्ट किया जाए।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article