देश

'शेर हमेशा शेर ही रहता है...', मदुरै में विजय ने भरी हुंकार, बोले- TVK विधानसभा चुनाव में रचेगी इतिहास

Tamil Nadu Elections: तमिलगा वेत्री कषगम के प्रमुख विजय ने गुरुवार को कहा कि अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने कहा कि हमें कम मत आंकिए, हमारे सम्मेलन में आने वाले लोग न केवल वोट देंगे, बल्कि जनविरोधी सरकार को करारा झटका भी देंगे... शेर हमेशा शेर ही रहता है

Image

अभिनेता से नेता बने विजय (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

Tamil Nadu Elections: तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के प्रमुख विजय ने गुरुवार को कहा कि अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी, जो 1967 और 1977 के विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय दलों की उपलब्धियों जैसा ही होगा।

क्या कुछ बोले विजय?

वर्ष 1967 में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) की पहली जीत और एक दशक बाद एमजी रामचंद्रन के नेतृत्व में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIADMK) की यादगार जीत का जिक्र करते हुए विजय ने कहा कि उनकी पार्टी 2026 के विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अभिनेता से नेता बने विजय ने यहां परापति में पार्टी के द्वितीय सम्मेलन में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि टीवीके की राजनीति वास्तविक, भावनात्मक, लोगों की बेहतरी और केवल उनकी भलाई के लिए है। उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारा दूसरा सम्मेलन है, जिसका विषय ‘मतदाताओं की वापसी का इतिहास’ है। वर्ष 1967 और 1977 के चुनावों की तरह, 2026 में तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ऐसा ही एक शानदार इतिहास दोहराया जाएगा।’’

'विरोधियों को देंगे करारा झटका'

उन्होंने आगे कहा कि उनकी पार्टी जनता की आवाज को प्रतिबिम्बित करती है और यह अजेय आवाज और एक अजेय शक्ति है। अपनी पार्टी की चुनावी संभावनाओं को लेकर राजनीतिक विरोधियों द्वारा की जा रही आलोचना की ओर इशारा करते हुए विजय ने कहा कि टीवीके अपनी उपलब्धियों के जरिये उन्हें (राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को) गलत साबित कर देगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमें कम मत आंकिए, हमारे सम्मेलन में आने वाले लोग न केवल वोट देंगे, बल्कि जनविरोधी सरकार को करारा झटका भी देंगे... शेर हमेशा शेर ही रहता है- जंगल का राजा- यद्यपि जंगल में गीदड़ जैसे कई जानवर होते हैं।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article