भागदौड़ भरी जिंदगी में शायद आप कई खबरों से चूक जाते हों, ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं आज दोपहर 2 बजे तक की प्रमुख खबरों का लेखा-जोखा। इसमें आप अब तक की बड़ी खबरों से रूबरू हो सकते हैं। पढ़ें आज के प्रमुख समाचार।
असम को वंदे भारत का तोहफा
Northeast 1st Vande Bharat Train: केंद्र सरकार की ओर से सोमवार को पूर्वोत्तर को एक और सौगात मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर पीएम ने कहा कि इस ट्रेन के चलने से पूर्वोत्तर में विकास की रफ्तार और तेज होगी। ये अत्याधुनिक ट्रेन क्षेत्र के लोगों को आरामदायाक यात्रा मुहैया कराने के अलावा क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ाएगी।
अंतरिक्ष में इसरो की एक और लंबी छलांग, नौवहन उपग्रह NVS-01 लॉन्च किया
Satellite NVS-01 launched : अंतरिक्ष में उपग्रह भेजने के मामले में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को एक नई उड़ान भरी। इसरो के वैज्ञानिकों ने ओडिशा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से भूस्थिर उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) के जरिए एक नौवहन उपग्रह NVS-01 को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। इसे अंतरिक्ष में भेजने के लिए सैटेलाइट की उल्टी गिनती रविवार सुबह 7.12 बजे शुरू हो गई।
राहुल आज जाएंगे अमेरिका
Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को एक स्थानीय अदालत द्वारा अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी किए जाने के दो दिन बाद रविवार को नया सामान्य पासपोर्ट मिल गया और अब वह आज सोमवार को अमेरिका रवाना होंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद सदस्य के रूप में उन्हें जारी राजनयिक पासपोर्ट जमा करने के बाद सामान्य पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश
Delhi NCR Weather: कुछ दिनों की प्रचंड गर्मी के बाद अब मौसम ने राहत देना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम लगातार सुहाना बना हुआ है और बादलों व बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में रविवार रात को तेज हवाएं चलीं और आंधी के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और रोहतक जैसे क्षेत्रों सहित पूरी दिल्ली और एनसीआर के आस-पास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश और तेज हवाओं और गरज के साथ छींटे पड़ने का अलर्ट जारी किया है।
एक जून से कई बदलाव
New Changes From June : फिर से नया महीना शुरू होने वाला है। ऐसे में एक जून से कई ऐसी चीजें बदलेंगी, जो आपकी जेब पर असर डालेंगी। इसमें बैंकों के अनक्लेम्ड डिपॉजिट (Unclaimed Deposit) को लेकर शुरू होने वाले अभियान से लेकर, इलेक्ट्रिक वाहन, रसोई गैस की कीमतों से लेकर कई अहम चीजों में बदलाव होगा। जिसका सीधा असर आपकी जेब पर होगा। ऐसे में आइए जानते हैं कि एक जून से क्या-क्या बदलाव होने जा रहे हैं।
