देश

'हम दिल्ली से बंगाल तक...', उधर सुवेंदु अधिकारी ने ली CM पद की शपथ, इधर अभिषेक बनर्जी का बड़ा ऐलान

Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और चुनाव बाद हिंसा को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि वह दिल्ली और बंगाल दोनों जगह मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी और लोकतंत्र व जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।

Image

टीएमसी ने चुनाव बाद हिंसा को लेकर जताई चिंता

Photo : ANI

Abhishek Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद आज बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है। सुवेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया गया है। पार्टी ने कहा है कि वह दिल्ली और पश्चिम बंगाल दोनों जगह मजबूत और मुखर विपक्ष की भूमिका निभाती रहेगी। साथ ही चुनाव प्रक्रिया और चुनाव के बाद हुई घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल भी उठाए गए हैं। TMC नेताओं का कहना है कि इस बार चुनाव बेहद कठिन परिस्थितियों में लड़ा गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि लाखों असली वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। इसके अलावा चुनाव आयोग और कुछ सरकारी एजेंसियों के कामकाज पर भी सवाल उठाए गए।

EVM की सुरक्षा और कंट्रोल यूनिट के आंकड़ों को लेकर कई सवाल

पार्टी का कहना है कि जिन संस्थाओं को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए था, उनके व्यवहार से लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है। पार्टी ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई। TMC नेताओं का कहना है कि EVM की सुरक्षा, मशीनों की आवाजाही और कंट्रोल यूनिट के आंकड़ों को लेकर कई सवाल सामने आए हैं। इसी वजह से पार्टी ने काउंटिंग सेंटरों की CCTV फुटेज सार्वजनिक करने और VVPAT पर्चियों की पारदर्शी गिनती कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लोगों के मन में उठ रहे संदेह दूर हो सकेंगे।

TMC कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकियां-पार्टी का आरोप

इसके साथ ही चुनाव बाद हिंसा को लेकर भी चिंता जताई गई है। पार्टी का आरोप है कि कई TMC कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकियां दी गईं और कुछ पार्टी कार्यालयों पर हमले भी हुए। कई कार्यकर्ताओं को डर के कारण अपने घर छोड़ने पड़े। TMC नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को अपने राजनीतिक विचारों की वजह से डरकर नहीं रहना चाहिए। पार्टी ने यह भी साफ किया कि वह जनता के अधिकारों, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के नेतृत्व में पार्टी हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़ी रहेगी और किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। साथ ही पार्टी ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की है। जिन लोगों के साथ चुनाव बाद हिंसा या डराने-धमकाने की घटनाएं होती है, उनसे पार्टी नेताओं से संपर्क करने को कहा गया है। TMC का कहना है कि वह हर कार्यकर्ता की सुरक्षा और कानूनी मदद के लिए पूरी कोशिश करेगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article