TMC MP Saayoni Ghosh: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सायोनी घोष ने शुक्रवार को X पर एक पोस्ट किया। उसमें उन्होंने भाजपा पर तगड़ा निशाना साधा। देश में आज 3 रुपये से ज्यादा तेल पर दाम बढ़े हैं, तो ऐसे में विपक्ष के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पार्टी पर हमला बोला है। इस बीच घोष ने जिस हिसाब से पोस्ट किया, वह तरीका वायरल हो गया है। घोष ने गाना गाकर अपनी बात कही है। कहीं ना कहीं उन्होंने जनता को भी दिखाया कि भाजपा बंगाल जीतकर आपके लिए ये क्या तोहफा लाई है।
सायोनी घोष का पोस्ट, 'तोहफा तोहफा तोहफा तोहफा लाया लाया लाया… पेट्रोल/डीजल की कीमत में बढ़ोतरी! कोलकाता में आज से ताजा रेट; पेट्रोल 108.74/- प्रति लीटर डीजल 95.13/- प्रति लीटर। जीत गए बंगाल,अब कर देंगे कंगाल!'
ममता को लूटे गए वोटों से हराया
घोष ने बीते दिन कोलकाता में पार्टी प्रमुख से मुलाकात के बाद आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी को 'चुराए गए' और 'लूटे गए' वोटों के जरिए हराया गया। बैठक के बाद ANI से बात करते हुए घोष ने कहा, 'हम हारे नहीं हैं, बल्कि ममता बनर्जी को हराया गया है। ममता बनर्जी को वोटों की चोरी करके, वोटों की लूट करके हराई गई हैं।'
2026 के विधानसभा चुनाव के नतीजों ने BJP को एक निर्णायक जनादेश दिया। पार्टी ने 294 सदस्यों वाली विधानसभा में 206 सीटें जीतकर जबरदस्त बढ़त हासिल की। यह उस राज्य में एक बड़ा बदलाव था, जहां पिछले चुनाव में उसे सिर्फ 77 सीटें मिली थीं। तृणमूल कांग्रेस (TMC), जिसने पिछले विधानसभा चुनावों में 212 सीटें जीती थीं, वह इस बार 80 सीटों के साथ काफी पीछे दूसरे स्थान पर रही। इसके साथ ही राज्य में TMC का 15 साल का शासन खत्म हो गया। कांग्रेस सिर्फ दो सीटों तक ही सिमटकर रह गई।
