देश

मैं दिल्ली में हूं...'लापता' होने के दावे के बाद मुकुल रॉय आए सामने, बीजेपी में जाने की अटकलें तेज

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 18, 2023, 05:46 PM IST

पूर्व रेल मंत्री के बेटे सुभ्रांग्शु रॉय ने से कहा था कि उनके पिता का सोमवार देर शाम से अता-पता नहीं है और वह लापता हैं।

Image

मुकुल रॉय आए सामने

Photo : BCCL

Mukul Roy: लापता होने की खबरों के बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय आज सामने आए और कहा कि वह कुछ निजी काम से दिल्ली आए हैं। उनका यह बयान तब आया है जब कुछ घंटे पहले उनके परिवार ने दावा किया था कि वह सोमवार शाम से लापता हैं। मुकुल रॉय के दिल्ली जाने से उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलबाजी शुरू हो गई है।

परिवार का दावा, मुकुल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं

वहीं, रॉय के परिवार ने दावा किया कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और सभी को किसी अस्वस्थ व्यक्ति को लेकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। रॉय ने पत्रकारों से कहा कि वह दिल्ली पहुंच गए हैं लेकिन उनका कोई खास एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा, मैं दिल्ली आ गया हूं। कोई खास एजेंडा नहीं है। मैं कई वर्षों तक संसद सदस्य रहा हूं। क्या मैं दिल्ली नहीं आ सकता? पहले भी, मैं नियमित तौर पर दिल्ली आता रहता था।

पूर्व रेल मंत्री के बेटे सुभ्रांग्शु रॉय ने से कहा था कि उनके पिता का सोमवार देर शाम से अता-पता नहीं है और वह लापता हैं। मीडिया के एक वर्ग में कयास लगाए जा रहे हैं कि रॉय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। इस पर सुभ्रांग्शु ने कहा ने कहा कि उनके पिता बहुत ज्यादा बीमार हैं और वह डिमेंशिया और पार्किंसन बीमारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि मेरे पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। मैं सभी से किसी अस्वस्थ व्यक्ति को लेकर राजनीति न करने का अनुरोध करता हूं। उनके लापता होने के बाद मैंने गत रात पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

मुकुल को विमान से उतारने की हुई कोशिश

रॉय के बेटे ने दावा किया कि जब उन्हें सोमवार रात को पता चला कि टीएमसी नेता दिल्ली जा रहे हैं तो उन्होंने प्राधिकारियों से उन्हें विमान से उतारने का अनुरोध किया था लेकिन तब तक विमान ने उड़ान भर ली थी। रॉय के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तब तेज हो गई जब बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम हाजरा ने फेसबुक पर एक अस्पष्ट पोस्ट करते हुए लिखा, कमबैक।

बीजेपी में जाने की अटकलें तेज

एक समाचार चैनल से बातचीत में हाजरा ने कहा कि यह वक्त इंतजार करने और देखने का है। कृपया एक या दो दिन इंतजार करिए, बहुत जल्द ही सब कुछ साफ हो जाएगा। हाजरा की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुभ्रांग्शु ने कहा कि यह टीएमसी और उसके राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की छवि खराब करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि कुछ लोग इतना नीचे गिर गए हैं और मेरे पिता के दिल्ली जाने पर राजनीति कर रहे हैं। यह टीएमसी और हमारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की छवि बिगाड़ने की कोशिश है।

वहीं, इस मामले पर टीएमसी ने बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है और मुकुल के बेटे के आरोपों की जांच करने की मांग की है।

रॉय टीएमसी नेतृत्व से मतभेदों के बाद 2017 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था। रॉय ने भाजपा के टिकट पर 2021 का विधानसभा चुनाव जीता था लेकिन वह नतीजों की घोषणा के करीब एक माह बाद टीएमसी में लौट आए थे। टीएमसी में लौटने के बाद से ही वह जनता की नजरों से दूर रहे हैं। उन्होंने अपनी खराब सेहत का हवाला देते हुए पिछले साल पश्चिम बंगाल विधानसभा में लोक लेखा समिति के अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article