देश

Delhi-NCR में लोगों का होने लगा प्रचंड धूप से सामना, मौसम पर IMD का ये है ताजा अपडेट

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 8, 2023, 09:25 AM IST

Delhi-NCR Weather Update: मई महीना भी इस बार लोगों को गर्मी का अहसास नहीं करा पाया। मई महीने में हुई कई बार बारिश ने गर्मी के तेवर को अनुकूल बनाए रखा। मौसम की इस आंख-मिचौली के पीछे आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ को जिम्मेदार ठहराया है। मई महीने में सामान्य से अधिक बारिश हुई और तापमान सामान्य से कम रहा।

Image

दिल्ली में तापमान बढ़ने लगा है।

Photo : PTI

Delhi-NCR Weather Update: जून के पहले सप्ताह में मौसम ने जो मेहराबानी दिखाई थी वह खत्म हो गई है। बीते दो दिनों से राजधानी दिल्ली एवं एनसीआर में तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पारा बढ़ेगा लेकिन राहत वाली बात यह है कि लोगों को लू के थपेड़ों से अगले चार-पांच दिनों तक राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जून के महीने में दिल्ली का तापमान अभी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया है। आम तौर पर जून के पहले सप्ताह में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहता है और लोगों को लू (गर्म हवा) का सामना करना पड़ता है।

गर्मी का अहसास नहीं करा पाया मई का महीना

मई महीना भी इस बार लोगों को गर्मी का अहसास नहीं करा पाया। मई महीने में हुई कई बार बारिश ने गर्मी के तेवर को अनुकूल बनाए रखा। मौसम की इस आंख-मिचौली के पीछे आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ को जिम्मेदार ठहराया है। मई महीने में सामान्य से अधिक बारिश हुई और तापमान सामान्य से कम रहा। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर-पश्चिम भारत में बेमौसम बारिश होती है।

आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान

IMD के अनुमान के मुताबिक दिल्ली में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेगा। हालांकि, बीच-बीच में आसमान में आंशिक बादल छाने की भी संभावना है। गुरुवार से राजधानी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, दिल्ली के सटे इलाके में तापमान पहले ही 40 डिग्री पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में दिल्ली में गर्मी बढ़ने और सूखे मौसम के आसार हैं। राजधानी में 13 जून तक दिन का तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की उम्मीद है।

चक्रवात बिपारजॉय का मानसून पर असर

बुधवार की अगर बात करें तो दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला ने इस साल अब तक लू की स्थिति दर्ज नहीं की है और ऐसा 2014 के बाद पहली बार हुआ है। केरल में मानसून की शुरुआत में पहले ही देरी हो चुकी है और मौसम विज्ञानियों ने चक्रवात बिपारजॉय के कारण दक्षिणी प्रायद्वीप से आगे मानसून में धीमी प्रगति की आशंका जताई है और राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article