Domestic Violence: तेलंगाना के खम्मम जिले में कथित तौर पर घरेलू हिंसा से परेशान एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय महिला का शव शुक्रवार सुबह जिले के तिरुमलायापालेम इलाके में उसके घर के सामने बने एक शेड में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पति ने कथित तौर पर पहले भी 29 वर्षीय महिला की पिटाई की थी और उनके दो बेटों में से एक ने घटना का वीडियो बना लिया था। हालांकि, पुलिस ने कहा कि उन्हें वीडियो की पूरी जानकारी की पुष्टि करनी होगी।
मृतका की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उसका दामाद किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध में था। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी कई बार उसकी बेटी के साथ मारपीट कर चुका था। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की है कि उसकी बेटी ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई।
दंपति के बीच हुआ था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद महिला ने घर छोड़ने की बात कही। इसके बाद पति ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। महिला वहां से अपनी बहन के घर गई थी, जो पास में ही रहती है। बाद में उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर घरेलू हिंसा अधिनियम और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल महिला के पति से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
