देश

‘मुश्किल समय में हम साथ नहीं छोड़ते’, कांग्रेस के DMK से नाता तोड़ने पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

Tamilnadu Political Crisis: तमिलनाडु में चुनाव के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने DMK से अलग होकर विजय की पार्टी TVK को समर्थन दिया है। इस बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि मुश्किल समय में साथी नहीं छोड़े जाते।

Image

अखिलेश यादव का तंज- ‘मुश्किल समय में हम साथ नहीं छोड़ते’

Photo : ANI

Tamilnadu Political Crisis: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद राज्य की राजनीति में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, जिसके बाद सरकार गठन को लेकर लगातार बैठकों और राजनीतिक बातचीत का दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेस ने DMK से अलग होकर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को समर्थन देने का फैसला किया है। कांग्रेस के इस कदम के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि "हम मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ते।"

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

अखिलेश यादव ने यह बात सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और एमके स्टालिन (M K Stalin) के साथ तस्वीर साझा करते हुए कही। उनके बयान को कांग्रेस के फैसले पर तंज माना जा रहा है। तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। विजय की TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसके पास 108 सीटें हैं। कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के बाद यह संख्या 112 तक पहुंच गई है। अब सरकार बनाने के लिए TVK को कुछ और विधायकों के समर्थन की जरूरत है।

TVK की वामपंथी दलों और अन्य पार्टियों के साथ बातचीत जारी

इसी को लेकर वामपंथी दलों और अन्य पार्टियों के साथ बातचीत जारी है। चेन्नई में CPI(M) और CPI की बैठकें हो रही हैं। दोनों पार्टियों के पास 2-2 विधायक हैं। इसके अलावा VCK पार्टी के भी 2 विधायक हैं। अगर ये सभी दल TVK को समर्थन देते हैं तो विजय आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार कर सकते हैं। TVK के नेताओं ने समर्थन जुटाने के लिए CPI नेताओं से मुलाकात भी की है। CPI(M) नेताओं ने कहा है कि उन्हें विजय की ओर से समर्थन मांगने वाला पत्र मिला है और इस पर पार्टी बैठक में फैसला लिया जाएगा।

वामपंथी दलों ने यह भी कहा कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को विजय को सरकार बनाने का मौका देना चाहिए। उन्होंने राज्यपाल से संविधान के अनुसार फैसला लेने की मांग की है। तमिलनाडु में इस बार के चुनाव ने लंबे समय से चली आ रही DMK और AIADMK की राजनीति को बड़ा झटका दिया है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर राज्य में नई सरकार किसकी बनेगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article