देश

थलपति विजय ने मंत्रियों के पोर्टफोलियो का किया बंटवारा; खुद के पास रखे गृह और पुलिस विभाग, जानें किसे क्या मिला

Tamil Nadu Cabinet Portfolios: तमिलनाडु सरकार में मंत्रालयों का आवंटन कर दिया गया है। सीएम विजय ने गृह और पुलिस जैसे अहम मंत्रालय अपने पास ही रखे हैं। आइए जानते हैं किस मंत्री को क्या जिम्मेदारी मिली?

Image

थलपति विजय ने मंत्रियों के पोर्टफोलियो का किया बंटवारा।

Photo : ANI

Tamil Nadu Cabinet Portfolios: दक्षिण भारत की राजनीति में नई पारी की शुरुआत करते हुए तमिलनाडु की विजय सरकार ने अपने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्यमंत्री ने खुद अपने पास कई अहम मंत्रालय रखे हैं, जिनमें गृह, सामान्य प्रशासन, पुलिस, महिला एवं युवा कल्याण जैसे विभाग शामिल हैं। वहीं वरिष्ठ नेता के.ए. सेंगोत्तैयान को राज्य का वित्त मंत्रालय सौंपा गया है।

तमिलनाडु लोक भवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुख्यमंत्री की सिफारिश पर सभी 10 मंत्रियों के विभागों को मंजूरी दे दी है। यह विभागीय आवंटन विजय सरकार के 10 मई को हुए शपथ ग्रहण के लगभग एक सप्ताह बाद सामने आया है।

थलापति विजय संभालेंगे ये विभाग

मुख्यमंत्री विजय ने गृह मंत्रालय अपने पास रखकर राज्य की उस परंपरा को आगे बढ़ाया है, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री आमतौर पर पुलिस और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विभाग स्वयं संभालते रहे हैं। इसके अलावा उनके पास सार्वजनिक प्रशासन, नगरपालिका प्रशासन, शहरी विकास, जल आपूर्ति, महिला एवं युवा कल्याण, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के कल्याण से जुड़े विभाग भी रहेंगे। इससे साफ संकेत मिलता है कि विजय अपनी सरकार में प्रशासनिक नियंत्रण और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर सीधी निगरानी रखना चाहते हैं।

इन मंत्रियों को मिली ये जिम्मेदारी

मंत्रिमंडल में अन्य नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। एन आनंद को ग्रामीण विकास और जल संसाधन विभाग सौंपा गया है। आधव अर्जुन सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजमार्ग और खेल विकास मंत्रालय संभालेंगे। वहीं डॉ. के.जी. अरुणराज को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा पी. वेंकटरमनन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का कार्यभार संभालेंगे, जबकि आर. निर्मलकुमार को ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्रालय दिया गया है। राजमोहन स्कूली शिक्षा, तमिल विकास, सूचना और प्रचार विभाग के मंत्री बनाए गए हैं। वहीं डॉ. टी.के. प्रभु प्राकृतिक संसाधन, खनिज और खान मंत्रालय संभालेंगे। सरकार में महिला प्रतिनिधित्व को भी महत्व देते हुए एस. कीर्थना को उद्योग मंत्रालय सौंपा गया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article