देश

CM ममता बनर्जी को हराने वाली भवानीपुर सीट नहीं छोड़ेंगे शुभेंदु अधिकारी, नंदीग्राम से इस्तीफा देकर चौंकाया

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है। अब वह भवानीपुर सीट से विधायक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि सीट छोड़ने के बावजूद वह नंदीग्राम की जनता के लिए लगातार काम करते रहेंगे।

Image

भवानीपुर से विधायक बने रहेंगे बंगाल के मुख्यमंत्री

Photo : PTI

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने नंदीग्राम विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है। अब वह भवानीपुर सीट से विधायक बने रहेंगे। हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने दो अहम सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम (Nandigram Seat) दोनों से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत हासिल की थी। बुधवार को उन्होंने राज्य विधानसभा में भवानीपुर सीट से विधायक के रूप में शपथ भी ली।

भवानीपुर सीट (Bhabanipur seat) पर शुभेंदु अधिकारी की जीत काफी चर्चा में रही थी, क्योंकि उन्होंने यहां तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। वहीं नंदीग्राम सीट पर भी उन्होंने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार पवित्र कर को करीब 9,665 वोटों से मात दी थी। नंदीग्राम सीट छोड़ने के फैसले के बाद शुभेंदु अधिकारी ने वहां की जनता को भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।

क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के लिए करते रहेंगे काम-सीएम

बंगाल के सीएम ने कहा कि उपचुनाव में नंदीग्राम की जनता नया विधायक चुनेगी, लेकिन वह क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के लिए पहले की तरह काम करते रहेंगे। उनका कहना है कि विधायक नहीं रहने के बावजूद वह नंदीग्राम के लोगों को अपनी कमी महसूस नहीं होने देंगे। शुभेंदु अधिकारी ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब फिरोजा बीबी नंदीग्राम से विधायक थीं, तब भी वह क्षेत्र के लोगों के लिए सक्रिय रूप से काम करते थे।

जल्द उपचुनाव की संभावना

उन्होंने 2008 के नंदीग्राम पुलिस गोलीकांड का भी जिक्र किया और कहा कि उस समय उन्होंने पीड़ित परिवारों का पूरा समर्थन किया था। अब भी वह उसी तरह जनता के साथ जुड़े रहेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नंदीग्राम सीट छोड़ने के बाद वहां जल्द ही उपचुनाव हो सकता है। हालांकि शुभेंदु अधिकारी ने साफ कर दिया है कि नंदीग्राम उनके लिए सिर्फ एक सीट नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ क्षेत्र है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article