Suvendu Adhikari Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में कई भावुक और यादगार पल देखने को मिले। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah), रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) और कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
सुवेंदु अधिकारी को सीएम योगी ने पहनाया भगवा पटका
इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सुवेंदु अधिकारी को भगवा पटका पहनाकर शुभकामनाएं दीं। वहीं, पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर पीठ थपथपाई। हालांकि, समारोह का सबसे खास पल तब देखने को मिला जब पीएम मोदी ने मंच पर मौजूद भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार (Makhanlal Sarkar) के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा होने लगी। माखनलाल सरकार पश्चिम बंगाल, खासकर सिलिगुड़ी और उत्तर बंगाल क्षेत्र में भाजपा के पुराने और सम्मानित नेताओं में गिने जाते हैं।
संगठन को मजबूत करने में निभाई अहम भूमिका
माखनलाल ने उस समय पार्टी के लिए काम शुरू किया था, जब राज्य में भाजपा की स्थिति काफी कमजोर थी। उन्होंने गांव-गांव जाकर पार्टी की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाया और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। करीब 98 साल की उम्र में भी माखनलाल सरकार पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। भाजपा के कई बड़े नेता आज भी उनसे मार्गदर्शन लेते हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सफलता के पीछे माखनलाल सरकार जैसे पुराने नेताओं की मेहनत और संघर्ष का बड़ा योगदान रहा है।
