देश

मोदी मंत्रिमंडल से इस्तीफा नहीं देंगे सुरेश गोपी, अफवाहों का कर दिया खंडन; जानें क्या बोले

Suresh Gopi News: सुरेश गोपी ने इस्तीफे की अफवाहों का खंडन किया है। उनका यह बयान रविवार रात मीडिया से बातचीत के बाद आया है, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई थी कि उन्हें जल्द ही पद से मुक्त कर दिया जाएगा, क्योंकि वह और फिल्में करना चाहते हैं। आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं कि सारा माजरा क्या है।

Image

सुरेश गोपी।

Photo : Times Now Digital

Suresh Gopi Refutes Resignation Rumours: केंद्रीय मंत्री और अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी ने सोमवार को मीडिया में आई उन खबरों को ‘पूरी तरह से गलत’ बताते हुए खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि वह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से ‘हटने’ की कोशिश कर रहे हैं। फेसबुक पर एक पोस्ट में गोपी ने कहा कि मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद में शामिल होना और केरल के लोगों का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है।

मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने की खबर को बताया गलत

उनका यह बयान रविवार रात मीडिया से बातचीत के बाद आया है, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई थी कि उन्हें जल्द ही पद से मुक्त कर दिया जाएगा, क्योंकि वह और फिल्में करना चाहते हैं। इससे मोदी सरकार में उनकी भूमिका जारी रहने की अटकलें लगाई जा रही हैं। गोपी ने पोस्ट में कहा, 'कुछ मीडिया मंच गलत खबर फैला रहे हैं कि मैं मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। यह पूरी तरह से गलत है। मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद में होना और केरल के लोगों का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है।'

सुरेश गोपी ने साझा की मोदी के साथ की तस्वीर

अपने फेसबुक पेज पर मोदी के साथ अपनी तस्वीर संलग्न करते हुए गोपी ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम केरल के विकास और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं।' इससे पहले, कांग्रेस की केरल इकाई ने ‘एक्स’ पर एक समाचार चैनल का वीडियो पोस्ट किया था जिसमें गोपी की टिप्पणी थी। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या उन्होंने अपनी फिल्म प्रतिबद्धताओं को देखते हुए राज्य मंत्री का पद चुना, तो मुस्कुराते हुए गोपी ने कहा था, 'कुछ भी नहीं मांगा गया था। मैंने उनसे कहा था कि मुझे यह नहीं चाहिए। मुझे लगता है कि मुझे बिना देरी के राहत मिल जाएगी।'

फिल्मों में काम करना चाहते हैं सुरेश गोपी

यह पूछे जाने पर कि क्या इससे त्रिशूर के लोगों को कोई समस्या होगी, जिन्होंने उन्हें चुना, गोपी ने जवाब दिया, 'उनके लिए कोई समस्या नहीं है। वे बहुत अच्छी तरह जानते हैं। त्रिशूर के लोगों के लिए एक सांसद के रूप में, मैं बहुत अच्छा प्रदर्शन करूंगा। मैं फिल्मों में काम करना चाहता हूं।' रविवार रात दो मलयालम समाचार चैनलों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने केरल में एक एम्स स्थापित करने और सांसद के रूप में अपने कर्तव्यों को पूरा करने में अन्य मंत्रियों के साथ सहयोग करने की इच्छा भी व्यक्त की थी।

नाराजगी की खबरों को भाजपा ने किया खारिज

केरल से एकमात्र भाजपा सांसद गोपी द्वारा कैबिनेट या राज्य मंत्री (स्वतंत्र) प्रभार नहीं दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त करने की खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राज्य प्रमुख सुरेंद्रन ने कहा कि यह फर्जी खबर है। कांग्रेस की राज्य इकाई ने इस घटनाक्रम को लेकर गोपी और भाजपा की आलोचना की है।

केरल में कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'भाजपा, नरेंद्र मोदी- मतदाताओं का यह मजाक क्यों? आप अपने सांसद से क्यों नहीं कहते कि पहले तय करें कि उन्हें जीवन में क्या करना है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भगवान और संविधान के नाम पर शपथ लेने के बाद मीडिया के सामने यह तमाशा बंद करें।'

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article