Waqf Bill: लोकसभा में आज वक्फ संशोधन विधेयक पेश होगा। इस बिल को लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। बिल को लेकर राजग ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है, जबकि विपक्ष लामबंद नजर आ रहा है। इस बीच, सभी की निगाहें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर रहेंगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए शिवसेना (UBT) को अपने निशाने पर लिया।
फडणवीस ने कहा कि देखना यह है कि क्या उद्धव बालासाहेब ठाकरे सेना, हिंदू हृदय सम्राट और आदरणीय शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के विचारों को कायम रखेगी या फिर राहुल गांधी के पदचिन्हों पर चलते हुए तुष्टिकरण करती रहेगी?
भारी हंगामे के आसार
वक्फ संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा में बुधवार को विचार किया जाएगा, जिससे इसे पारित कराने के लिए दृढ़संकल्पित सरकार और प्रस्तावित कानून को असंवैधानिक बताकर इसकी निंदा करने वाले विपक्ष के बीच टकराव का मंच तैयार हो गया है। राज्यसभा में इस पर गुरुवार को चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों सदनों में प्रस्तावित कानून पर चर्चा के लिए आठ-आठ घंटे आवंटित किए गए हैं।
भाजपा की पिच तैयार
राजग में भाजपा के बाद चार सबसे बड़े घटकों तेदेपा, जदयू, शिवसेना और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर सरकार के रुख का समर्थन करने को कहा है। वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर राजग के सहयोगी दलों ने अपने विचार खुलकर व्यक्त किए हैं और विपक्ष भी एकजुट नजर आ रहा है, लेकिन हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा के निशाने पर रहने वाली उद्धव सेना ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि, वक्फ विधेयक को लेकर विपक्षी दलों की बैठक में शिवसेना यूबीटी की प्रियंका चुतर्वेदी मौजूद रहीं।
