देश

गर्मी की छुट्टियां: 85 फीसदी मां-बाप बच्चों के स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने को लेकर चिंतित

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 18, 2023, 06:06 PM IST

लगभग 96 फीसदी माता-पिता अपने बच्चों को सीखने और मजेदार गतिविधियों से जोड़े रखने के लिए स्क्रीन-मुक्त तरकीबें ढूंढ रहे हैं।

Image

अभिभावक अवकाश के दौरान बच्चों के स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने को लेकर चिंतित

Photo : iStock

Childrens Summer Holiday: सर्वेक्षण कंपनी 'कंतार' की एक सर्वे रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत में गर्मी की छुट्टियों से पहले 85 फीसदी अभिभावक, अवकाश के दौरान बच्चों के स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने को लेकर चिंतित हैं। 'कंतार' द्वारा मार्च में वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म 'अमेजन' के लिए किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, 90 फीसदी से अधिक माता-पिता का मानना है कि स्क्रीन पर अधिक समय बिताने से बच्चों की सक्रियता कम हो जाती हैं, चाहे वह स्क्रीन टीवी का हो, या कंप्यूटर का।

सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकांश लोगों ने महसूस किया कि आदर्श स्क्रीन टाइम दो घंटे से कम होना चाहिए। हालांकि, 69 फीसदी लोगों ने पुष्टि की कि उनके बच्चे हर दिन स्क्रीन पर तीन घंटे से अधिक समय बिता रहे हैं। इस सर्वेक्षण में भारत के 10 महानगरों और गैर-महानगर शहरों में छोटे बच्चों (3-8 वर्ष) के लगभग 750 अभिभावकों को शामिल किया गया। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 96 फीसदी माता-पिता अपने बच्चों को सीखने और मजेदार गतिविधियों से जोड़े रखने के लिए स्क्रीन-मुक्त तरकीबें ढूंढ रहे हैं।

कंतार के इनसाइट्स डिवीजन के कार्यकारी प्रबंध निदेशक, दीपेंद्र राणा ने कहा, "बच्चे नई चीजें सीखने के लिए उत्सुक होते हैं और इस प्रक्रिया में आनंद लेना चाहते हैं। गर्मी की छुट्टियों के दौरान ज्यादा खाली समय होने के कारण माता-पिता के लिए बच्चों को व्यस्त रखना एक बड़ी चुनौती होती है। हमारा सर्वेक्षण बताता है कि माता-पिता बच्चों के स्क्रीन समय को कम करने को लेकर उत्सुक हैं। स्क्रीन-मुक्त गतिविधियां बच्चों को नए कौशल सीखने में मदद कर सकती हैं।"

(Bhasha Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article