देश

सड़क पर नमाज को लेकर कोलकाता में बवाल; प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर की पत्थरबाजी, 3 पुलिसकर्मी घायल, जलाए गए वाहन

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सार्वजनिक सड़कों को खाली रखने के आदेश जारी करने के बाद 7 पॉइंट पार्क स्ट्रीट कोलकाता में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

Image

कोलकाता में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर किया लाठी चार्ज। ( फोटो- वीडियो ग्रैब)

पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद से प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। कई जगह पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है और सुवेंदु सरकार का बुलडोजर अभियान जारी है। इसके अलावा, सड़क पर नमाज पढ़ने पर लगाई गई पांबदी से लोगों में नाराजगी है। वहीं आज प्रशासन के इस एक्शन के खिलाफ लोग विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। बाद में देखते-ही देखते यह प्रदर्शन हिंसक हो गया। यहां के पार्क स्ट्रीट में 7-प्वाइंट क्रॉसिंग इलाके में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के दौरान पथराव हुआ,जिसमें कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।

यह विरोध हाल ही में तिलजाला में चलाए गए ध्वस्तीकरण अभियान के खिलाफ किया जा रहा था। पश्चिम बंगाल सरकार ने पिछले बुधवार को फैक्ट्री आग हादसे के बाद अवैध ढांचों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। इस आग में दो लोगों की मौत हो गई थी।

रविवार को बड़ी संख्या में लोग पार्क सर्कस सेवन पॉइंट क्रॉसिंग के पास जमा हुए और सड़क जाम करने की कोशिश की। जब पुलिस ने इसे गैरकानूनी करार देते हुए भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए,जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बाद में हालात संभालने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया।

कई वाहनों को पहुंचाया गया नुकसान

कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त अशीष बिस्वास ने बताया कि इस हिंसा के दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इनमें केंद्रीय बलों के वाहन भी शामिल थे। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई। पुलिस ने फ्लैग मार्च और गश्त कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि हमें पहले से हिंसा भड़कने की इंटेलिजेंस थी,इसलिए मौके पर पहले से फोर्स तैनात थी। कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है और बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। CP अशीष बिस्वास ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है,लेकिन इलाके में पुलिस तैनाती जारी रहेगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article