दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब आधारित एक गैंगस्टर मॉड्यूल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी गिरोह के तीन सदस्य को गिरफ्तार किया है। तीनों को पंजाब, मध्य प्रदेश और यूपी से गिरफ्तार किया गया।
शहजाद पाकिस्तान का बड़ा गैंगस्टर था। पिछले कई साल से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआईएस से जुड़कर उसने भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने लगा। भारत विरोधी गतिविधि में लिप्त होने के कारण शहजाद भट्टी को भारतीय सुरक्षा एजेंसियां गैंग्स्टर आतंकी गठजोड़ मानती है।
मॉड्यूल को लीड कर रहा था शहजाद
जांच में सामने आया कि इस पूरे मॉड्यूल को शहजाद भट्टी लीड कर रहा था, जो विदेश से अपने साथियों को निर्देश देता था और स्थानीय एसोसिएट्स की मदद से नए लड़कों को नेटवर्क में शामिल करवाता था। गुरदासपुर में थाने के बाहर हैंड ग्रेनेड फेंकने की घटना में भी यह मॉड्यूल शामिल माना जा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने क्या जानकारी दी?
स्पेशल सेल के एडिशनल सीपी प्रमोद कुमार कुशवाहा ने बताया, "दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक पाकिस्तानी नागरिक शहजाद भट्टी नामक गैंगस्टर के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। भट्टी एक गैंगस्टर है जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के इशारे पर काम कर रहा है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक पंजाब का हरगुनप्रीत सिंह है। दूसरा आरोपी मध्य प्रदेश के दतिया का विकास प्रजापति और तीसरा उत्तर प्रदेश के बिजनौर का आरिफ है।"
एडिशनल सीपी ने आगे कहा,"इन्होंने हाल ही में 25 तारीख को गुरदासपुर सिटी पुलिस स्टेशन के सामने एक हैंड ग्रेनेड फेंका था। इसी ने इस हमले को अंजाम दिया था और यही लड़के इस घटना में शामिल थे और इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा, इनके निशाने पर और भी कई जगहें थीं जहाँ इस ग्रुप ने वीडियोग्राफी और रेकी की थी और इन्हें हैंड ग्रेनेड फेंकने थे। शहजाद भट्टी बाहर से निर्देश देता था और इस ग्रुप को सीधे तौर पर और अपने साथियों के साथ मिलकर चला रहा था। वह सोशल मीडिया ऐप्स या अपने अन्य संपर्कों के जरिए भर्ती किए गए युवाओं का इस्तेमाल करके आतंकी गतिविधियां चला रहा था। इस ग्रुप के एक-दो और लिंक हैं जिन्हें पंजाब पुलिस के साथ साझा किया जाएगा। पुलिस द्वारा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन लोगों को गिरफ्तार भी किया जाएगा।"
गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी के नाम
• विकास प्रजापति – 26 नवंबर को दतिया (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार
• हरगुनप्रीत – कल (29 नवंबर) को पकड़ा गया
• आसिफ – आज बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार
पुलिस को लगातार इनपुट मिल रहा था कि यह गैंग पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में है और विभिन्न आपराधिक व आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था। स्पेशल सेल के मुताबिक यह मॉड्यूल देश में अस्थिरता फैलाने के इरादे से सक्रिय था और इसके कई अन्य लिंक की जांच जारी है।
