Smriti Irani On Opposition Unity: लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी और नरेंद्र मोदी को सत्ता से बेदखल करने के लिए पटना में 17 विपक्षी दलों की बैठक हुई। सभी ने एक सुर में एक साथ चुनाव लड़ने पर सहमति जताई। इसके बाद बीजेपी ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला किया। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सीनियर नेता स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि स्वार्थ का गठबंधन आज एकत्रित हुए जो एक दूसरे आंखो फूटी आंख नहीं सुहाते हैं। यहां संवाद अलग-अलग है। ये जीवन में कभी भी तृणमूल के कार्यकर्ता ने नहीं सोचा होगा जिस कम्युनिस्ट पार्टी के लोगों ने ममता को बाल खींच कर बेइज्जत किया वो आज उनके साथ बैठी थी। आम आदमी पार्टी का गठबंधन शुरू होने से पहले ही ब्लैकमेल करना यह दिखाता है इस गठबंधन से क्या अनहोनी होने वाली है। ये राजनीतिक दल जब भी साथ आए भष्टाचार और परिवारवाद लाए और देश की आर्थिक प्रगति को संकुचित करने का आरोप अपने संग लेकर आए।
ममता बनर्जी पर स्मृति ईरानी का तंज
स्मृति ईरानी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जीवन में कभी भी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नहीं सोचा होगा कि जिस कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं ने ममता बंद्योपाध्याय के बाल खींचकर सड़क पर उन्हें अपमानित किया, उसी कम्युनिस्ट पार्टी के संरक्षण में ममता बंद्योपाध्याय जाएंगी। पश्चिम बंगाल के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कभी कल्पना नहीं की होगी कि जिस ममता बंद्योपाध्याय के हाथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खून से सने हैं, वही हाथ एक दिन राहुल जी के सर पर दिखाई देंगे। स्वार्थ शायद इतना भी बड़ा नहीं है कि वह (ममता बंद्योपाध्याय) न भूली हों कि कैसे उनके बाल से उनको घसीट कर, कम्युनिस्ट पार्टी ने उनका अपमान किया। अगर थोड़ा भी स्वाभिमान बचा है, तो वह कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौता नहीं करेंगी और अगर समझौता किया तो उनका राजनीतिक स्वार्थ उनके निजी स्वाभिमान से बड़ा है।
स्मृति ईरानी का डीएमके पर निशाना
स्मृति ईरानी ने कहा कि ये कल्पना तो कभी तमिलनाडु की जनता ने भी नहीं की होगी कि जिस DMK पार्टी पर 1990 के दशक में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने स्व. राजीव गांधी की हत्या में सहयोग देने का आरोप लगाया, एक दिन उसी DMK के साथ गांधी खानदान के रिश्ते और मधुर होंगे।
विपक्षी दलों की बैठक टाय-टाय फिश
उधर बीजेपी सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि विपक्षी दलों की बैठक टाय-टाय फिश हो गई क्योंकि इस बैठक में सिर्फ अगली बैठक कब होगी ये तय हुआ है। बैठक से देश की जनता क्या नहीं जानना चाहेगी कि नीतीश कुमार,अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी में से कौन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला करने वाले हैं। इन लोगों ने तो बाहर भी बोला था कि वो एक साथ लड़ेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के नाम का खौफ है विपक्ष में
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पटना की बैठक विपक्ष के लिए दुर्घटना की तरह हो गई है। विपक्ष के पास नरेंद्र मोदी के खिलाफ कोई भी नेता नहीं है। विपक्षी दलों का एकत्रीकरण सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी के नाम का खौफ है। 2024 में किसी के ऊपर हार का ठीकरा न फूटे इसलिए भी यह लोग साथ आए हैं।
गठबंधन नहीं है यह ठगबंधन है
पटना में हुई विपक्ष की बैठक पर पश्चिम बंगाल में बीजेपी के अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कहा कि यह गठबंधन नहीं है यह ठगबंधन है। ऐसी पार्टी साथ आ रही हैं जिनकी कोई राजनीतिक विचारधारा नहीं है। एक तरफ राहुल गांधी हैं और दूसरी तरफ जेपी आंदोलन से उठी पार्टी हैं। जितने भी दल हैं वे सारे अपने राज्य में ही सीमित हैं। मुझे नहीं लगता कि वे अन्य राज्य में कुछ मदद कर पाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
