देश

बंगाल के मालदा में सामान्य हो रहे हालात; अब तक 50 गिरफ्तार, दो समुदायों के बीच झड़प के बाद इंटरनेट बंद

Malda Clash: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबारी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अब स्थितियां सामान्य हो रही हैं, जबकि इलाके में हिंसा के सिलसिले में 16 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मालदा जिले के मोथाबारी में गुरुवार को दो समूहों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में अब तक कुल 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

मालदा हिंसा

Photo : ANI

Malda Clash: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबारी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अब स्थितियां सामान्य हो रही हैं, जबकि इलाके में हिंसा के सिलसिले में 16 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक दिन पहले दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद अब तक 50 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मालदा जिले के मोथाबारी में गुरुवार को दो समूहों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में अब तक कुल 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इलाके में शांति बहाल करने के लिए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक की।

क्या है पूरा मामला?

उत्तर बंगाल के महानिरीक्षक (आईजी) राजेश यादव ने समाचार एजेंसी भाषा को बताया कि मोथाबारी में स्थिति सामान्य हो रही है, जहां कुछ दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान फिर से खुल गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार शाम को मोथाबारी में एक धार्मिक जुलूस के एक पूजा स्थल से गुजरने के बाद गुरुवार को दो समुदायों के बीच झड़प हो गई जिसकी वजह से आगजनी, तोड़फोड़ और लोगों पर हमले हुए।

भारी संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात

उन्होंने बताया कि राज्य सशस्त्र पुलिस की चार कंपनियां और बड़ी संख्या में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों के अलावा प्रभावित इलाके में एसएपी की एक और कंपनी तैनात की गई है। एहतियात के तौर पर शुक्रवार से मोथाबारी और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

क्यों नहीं लगाई गई धारा 144

अधिकारियों ने बताया कि इंटरनेट निलंबन के बावजूद आगामी ईद और रामनवमी उत्सव के मद्देनजर धारा 144 (निषेधाज्ञा) लागू नहीं की गई, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने यह संदेश फैला दिया है कि किसी भी बड़ी भीड़ को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article