Avalanche in Sikkim Latest Update: नॉर्थ ईस्ट के सिक्किम में मंगलवार (चार अप्रैल, 2023) को बड़ी प्राकृतिक आपदा देखने को मिली। वहां नाथूला बॉर्डर वाले इलाके में इस भीषण हादसे के चलते सात पर्यटकों की जान चली गई। समाचार एजेंसी पीटीआई को इस बारे में अफसरों ने यह भी बताया कि 11 लोग जख्मी भी हुए हैं।
हिमस्खलन के बाद बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ा एक वीडियो जारी किया गया, जो कि समाचार एजेंसी एएनआई ने साझा किया। क्लिप में अफरा-तफरी के माहौल के बीच लोगों को बचाते हुए आसपास के अस्पताल ले जाया जा रहा था।

nathula avalanche
पुलिस अफसरों ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई को यह भी बताया कि जख्मी हुए लोगों को सूबे की राजधानी गंगटोक के अस्पताल ले जाया गया, जबकि पुलिस के सीनियर अधिकारी ने जानकारी दी कि बचाव अभियान फिलहाल जारी है।
जानकारी के मुताबिक, गैंगटोक से नाथूला को जोड़ने वाली जवाहरलाल नेहरू रोड के 14वें मील पर फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 22 पर्यटकों को इस दौरान रेस्कयू करा लिया गया, जो कि बर्फ में फंस/दब गए थे।
वैसे, सड़क से बर्फ हटाए जाने के काम के दौरान 350 लोगों और 80 वाहनों को रेस्क्यू कराया गया। दरअसल, नाथूला दर्रा चीन से लगी सीमा पर है और यह अपनी मनोरम सुंदरता के चलते यह पर्यटकों के बीच बड़े आकर्षण का केंद्र है।
