देश

कर्नाटक के सियासी नाटक में आया ट्विस्ट, 'ब्रेकफॉस्ट डिप्लोमेसी' से टूटेगा विवाद! सिद्दारमैया और शिवकुमार की होगी मुलाकात

Karnataka CM Post Conflict: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान समाप्त हो सकती है। दरअसल, सिद्दारमैया ने शुक्रवार को शिवकुमार के साथ मुलाकात की बात कही। उन्होंने कहा कि मेरा स्टैंड है कि हाईकमान जो भी कहेगा, मैं उसे मानूंगा...

Image

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया (बाएं) और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (दाएं) (फाइल फोटो)

Karnataka CM Post Conflict: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही खींचतान समाप्त हो सकती है। सिद्दारमैया ने शुक्रवार की शाम हाईकमान के संदेश का जिक्र कर एक बड़ा संकेत दिया और शिवकुमार से मिलने की बात कही।

नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज

कर्नाटक में 20 नवंबर को तब नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज हो गईं जब सिद्दारमैया सरकार ने अपना आधा कार्यकाल पूरा कर लिया। हालांकि, सिद्दारमैया बार-बार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने की बात कह रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ शिवकुमार नेतृत्व परिवर्तन पर जोर दे रहे हैं और वरिष्ठ नेताओं से ढाई साल वाला मुद्दा उठा रहे हैं। इस बीच, सिद्दारमैया ने शुक्रवार को शिवकुमार के साथ मुलाकात की बात कही।

सिद्दारमैया ने क्या कुछ कहा?

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा, ''हाईकमान ने शिवकुमार से कहा कि हमें मिलना चाहिए और बात करनी चाहिए... मेरा स्टैंड है कि हाईकमान जो भी कहेगा, मैं उसे मानूंगा...''

शिवकुमार के साथ नाश्ता करेंगे सिद्दारमैया

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, सिद्दारमैया ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने नेतृत्व विवाद के बीच चर्चा के लिए उनकी सरकार में उपमुख्यमंत्री शिवकुमार को 29 नवंबर को सुबह के नाश्ते पर आमंत्रित किया है। सिद्दारमैया ने कहा कि पार्टी आलाकमान ने मुझे और उनको (डीके शिवकुमार) फोन किया था और बैठक करने को कहा था। इसलिए, मैंने उन्हें कल सुबह के नाश्ते पर आमंत्रित किया है। जब वह आएंगे तो हम चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा कि मेरे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और मैंने कहा है कि आलाकमान जो भी कहेगा, मैं उसे सुनूंगा। हम दोनों ने कहा है कि पार्टी आलाकमान जो भी कहेगा, हम उसका अनुपालन करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर आलाकमान उन्हें बुलाएगा तो वह दिल्ली जाएंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article