नई दिल्ली: मुंबई-दिल्ली एयर इंडिया की फ्लाइट (Mumbai-Delhi Air India Flight) में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति को विमान में कथित तौर पर शौच और पेशाब करने के आरोप में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में फ्लाइट कैप्टन द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक 24 जून को मुंबई से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AIC 866 में सीट नंबर 17F पर एक यात्री सफर रहा था। विमान की पंक्ति 9DEF पर विमान में शौच किया, पेशाब किया और थूका।
एफआईआर में आगे कहा गया है कि इस दुर्व्यवहार को केबिन क्रू द्वारा देखा गया था और बाद में उड़ान के केबिन पर्यवेक्षक द्वारा एक मौखिक चेतावनी जारी की गई थी। बाद में फ्लाइट कैप्टन को भी दुर्व्यवहार की जानकारी दी गई। घटना के बाद दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक कंपनी को तुरंत एक मैसेज भेजा गया और एयरपोर्ट सुरक्षा से यात्री के आगमन पर एस्कॉर्ट करने का अनुरोध किया गया।
शिकायत के मुताबिक साथी यात्री को उसके इस दुर्व्यवहार से काफी गुस्सा आया और उत्तेजित हो गया और जैसे ही फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी, एयर इंडिया सुरक्षा प्रमुख ने ध्यान दिया और आरोपी यात्री को आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन ले गए। आरोपी यात्री अफ्रीका में कुक का काम करता है। वह 24 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AIC 866 से मुंबई से आ रहा था।
एएनआई से बात करते हुए, दिल्ली पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि फ्लाइट कैप्टन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने आईजीआई पुलिस स्टेशन में धारा 294/510 के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया। हमने उसे एक अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे जमानत दे दी। आगे की जांच चल रही है।
